भूदान के प्रणेता विनोबा भावे के सर्व सेवा संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन सम्पन्न

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। जमींदारों से जमीन लेकर गरीबों के बीच भूमि का दान करनेवाले भू-दान आंदोलन के प्रणेता आचार्य विनोबा भावे द्वारा गठित गांधी विचारधारा का राष्ट्रीय संगठन सर्व सेवा संघ (अखिल भारत सर्वोदय मंडल) का 90वां दो दिवसीय अधिवेशन संपन्न हो गया।

आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर बीते 12 सितंबर को पंजाब के पठानकोट में स्थित प्रस्थान आश्रम में हर्षोल्लास व राष्ट्रीय अध्यक्ष के सर्वसम्मति से चयन के साथ सम्पन्न अधिवेशन संपन्न हो गया।

उक्त अधिवेशन का उद्घाटन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, आचार्य विनोबा भावे तथा समाजवादी चिंतक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर माल्यार्पण कर अतिथियों ने किया। प्रस्थान आश्रण के मंत्री कीर्ति मित्तल के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सर्व सेवा संघ गांधी विचार का राष्ट्रीय संगठन है। इसकी स्थापना मार्च 1948 में देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता, आचार्य विनोवा भावे, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, आचार्य कृपलानी, पं. जवाहरलाल नेहरु, डॉ ज़ाकिर हुसैन, संत तुकड़ोजी महाराज आदि राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति में हुए सम्मेलन के किया गया था।

तब से लेकर हम सभी उपरोक्त महापुरुषों के मूल्यों के प्रचार-प्रसार, भू-दान, ग्राम दान, प्राकृतिक चिकित्सा, जल -जंगल-जमीन की रक्षा, स्वदेशी, नई तालीम, जैविक कृषि, सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारा, सत्य, अहिंसा आदि को लेकर क्षेत्र में सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश जब विषम परिस्थिति से गुजर रहा है। मणिपुर जल रहा है और इस्राइल -फिलिस्तीन संघर्ष ने दुनिया को विश्व युद्ध के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। गांधी के विचारों पर हमले हो रहे हैं। आज देश का हर तबका राजनीतिक अस्थिरता से पैदा हुए हालातों से परेशान है। ऐसे में इस अधिवेशन का विशेष महत्व है।

सर्वोदय आंदोलन के एतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि इसमें पंजाब का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आचार्य विनोबा भावे के आह्वान पर पंजाब की जनता ने भूमिहीनों के लिए 5168 एकड़ जमीन दान दी थी।

यहां खादी के उत्पादन और प्रशिक्षण के भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। कहा गया कि आचार्य विनोबा भावे द्वारा स्थापित छः आश्रमों में से एक प्रस्थान आश्रम पठानकोट में है। इसकी स्थापना वर्ष 1959 में की गयी थी। गांधी वादी सत्यम भाई तथा यशपाल मित्तल ने आश्रम के कार्यों को आगे बढ़ाया और पूरे पंजाब में सद्भावना और शांति की अलख जगाते रहे।

वक्ताओं ने कहा कि पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ गोपीचंद भार्गव, भीमसेन सच्चर और कॉमरेड रामकिशन का सर्वोदय आंदोलन के साथ अभिन्न संबंध थे। उन्होंने खादी को आगे बढ़ाने तथा सर्वोदय केन्द्रों की स्थापना के लिए एक स्वयंसेवक की तरह काम किया। वक्ताओं ने कहा कि इस अधिवेशन से देश के कई क्षेत्रों को मार्गदशन मिलेगा और बापू, विनोबा, जयप्रकाश के रास्ते कोई हल निकलेगा। संचालन आचार्य विनोद स्वरुप ने किया।

अधिवेशन में सर्वसम्मति से जेपी आन्दोलन के सक्रिय कार्यकर्ता, गांधीवादी नेता डॉ आदित्य पटनायक को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने सबों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं आपके विश्वास और स्नेह के लिए आभारी हूं।

कहा कि चुनौतियाँ कई हैं और मुझे यकीन है कि हम सामूहिक रूप से इसका समाधान करेंगे। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करेंगे। इसका संरचनात्मक ढांचा जल्द विकसित किया जाएगा। कहा कि चुनौतियों का हम सभी सामना करेंगें।

अधिवेशन को महात्मा गांधी के सेवाग्राम आश्रम के अध्यक्ष तथा महाराष्ट्र भू-दान बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष आबा काम्बले, सर्वोदय समाज के संयोजक तथा कांगड़ा बैंक के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी दास, सर्व सेवा संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वी अरविंद रेड्डी, विदर्भ भू-दान बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वेरुलकर गुरु, डॉ मो. आरिफ, निष्ठा मित्तल, डॉ आनंद किशोर, विभिन्न प्रदेश व जिला सर्वोदय मंडलों के अध्यक्ष, संयोजक, लोकसेवक, सर्वोदय मित्र, गांधी प्रेमी अहमदिया समाज के गणमान्य आदि ने संबोधित किया।

अध्यक्षता वेरूलकर गुरु तथा संचालन आचार्य विनोद स्वरूप ने किया। इस अवसर पर संत विनोबा के जीवन दर्शन पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के छात्र छात्रा शामिल हुए। पिछले पूरी अधिवेशन व साल भर के कार्य का प्रतिवेदन डॉ आनंद किशोर ने प्रस्तुत किया, साथ ही दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई।

उक्त अधिवेशन में देश के 14 राज्यों से 150 से अधिक सर्व सेवा संघ के लोक सेवक, सर्वोदय मित्र, कार्यकर्ता, प्रतिनिधि आदि शामिल थे। झारखंड के बोकारो से लोक सेवक मनोज भारतीय, महावीर कुमार, डाॅ विश्वनाथ आजाद आदि ने भाग लिया।

 54 total views,  4 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *