एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अध्ययन भ्रमण के तहत 4 फरवरी को बोकारो जिले का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मेजर जनरल हरतेज सिंह बाजाज कर रहे थे।
एनडीसी टीम में निदेशक प्रशासन कैप्टन मकरंद वी. ओरपे, ब्रिगेडियर सूर्यवीर सिंह राजवी, ब्रिगेडियर मोहम्मद शाहिद अहमद, एयर कमोडोर फेलिक्स पैट्रिक पिंटो, ब्रिगेडियर रोहित चालापथी, ब्रिगेडियर प्रवीन गोविंदन, कमोडोर अभिषेक सिमलाई, ब्रिगेडियर अतुल बहुगुणा, ब्रिगेडियर हरबीर सिंह के साथ इथियोपिया से ब्रिगेडियर जनरल सेबसाइड डूबा उन्टिसो, बांग्लादेश से कमोडोर एमडी अशरफुज़्ज़मा, फ्रांस से कर्नल (वायु सेना) इरादजाराजासोजाने मौरूगू, ब्राज़ील से कर्नल ई.बी. गुस्तावो मोरेइरा मैथियस तथा जापान से कर्नल टोमोफुमी उचिनो शामिल थे।
एनडीसी टीम भ्रमण के क्रम में प्रतिनिधिमंडल बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित वन विभाग के गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने पौधा देकर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन करते हुए जिले की प्रशासनिक संरचना एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के साथ संवाद किया। दीदियों ने स्वयं अपने कार्य, आजीविका के साधन, समूह आधारित आर्थिक गतिविधियों तथा सामाजिक बदलाव की प्रक्रिया को विस्तार से साझा किया। प्रतिनिधिमंडल ने महिला सशक्तिकरण के इस मॉडल की सराहना की और इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी बताया।
भ्रमण के दौरान एनडीसी प्रतिनिधिमंडल ने कसमार स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने यहां छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिक्षा, रहन-सहन, पाठ्यक्रम एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।
बताया जाता है कि पेटरवार स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों द्वारा महोगनी एवं सिंदूर के पौधो का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने एवं सतत विकास का संदेश दिया गया।
गेस्ट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो जिले के समग्र विकास मॉडल की विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सचिवालय स्तर से लेकर जिला एवं प्रखंड स्तर तक त्रि-स्तरीय समन्वय के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि बोकारो जिला खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। कोयला खनन और उद्योगों की स्थापना के कारण विस्थापित हुए परिवारों के पुनर्वास एवं सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। ऐसे परिवारों को आवास, रोजगार, शिक्षा एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग से धान उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सिंचाई व्यवस्था, बीज वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से किसान सशक्त हो रहे हैं। साथ ही आदिवासी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए कल्याण विभाग द्वारा विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उपायुक्त ने जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों को जिले के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और लखपति दीदी अभियान के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि बोकारो एक औद्योगिक जिला होने के कारण आपदा प्रबंधन की दृष्टि से संवेदनशील है, जहां एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। साथ ही प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आयोजित हम आपकी समस्याएं सुनते हैं कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान किया जाता है। उन्होंने खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सामाजिक सौहार्द और शांति का आधार बताया गया।

एनडीसी प्रतिनिधिमंडल के चेयरपर्सन ने जिले में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन की सक्रिय, संवेदनशील एवं उत्तरदायी कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने जेएसएलपीएस दीदियों से संवाद कर उनकी आर्थिक प्रगति एवं लखपति दीदी अभियान की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एनडीसी प्रभास दत्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी पेटरवार संतोष कुमार, अंचल अधिकारी पेटरवार सहित अनेक वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply