Advertisement

नल-जल का मोटर खराब, पेयजल के लिए हाहाकार, पोखर का पानी बना सहारा

नल-जल योजना बना भ्रष्टाचार का शिकार, जांच कर हो कार्रवाई-सुरेंद्र प्रसाद सिंह

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के भेरोखरा वार्ड 15 कालीपोखर स्थित नल-जल का मोटर तीन दिनों से जले रहने से पेयजल के लिए हाहाकार मचा है। स्थानीय कई रहिवासी आधा किलोमीटर दूर महादेव मंदिर से पानी लाकर तो कुछ नजदीक के पोखर के पानी से दैनिक जरूरत की पूर्ति करने को मजबूर हैं।

बताया जाता है कि पेयजल समस्या की जानकारी के बावजूद मोटर ठीक कराने को न प्रखंड प्रशासन और न ही नगर प्रशासन तैयार है। होली जैसे पर्व में भी पेयजल का दंश स्थानीय रहिवासियों को झेलना पड़ा। जलापूर्ति बाधित रहने से परेशान भेरोखरा के रहिवासियों ने 16 मार्च को जलमिनार के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर नया मोटर लगाकर तत्काल जलापूर्ति करने की मांग की है।

इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने नल-जल के कार्य में गुणवत्ताहीन सामग्री लगाकर सरकारी राशि लूटने का आरोप प्रखंड प्रशासन पर लगाया। उन्होंने कहा कि बार-बार प्रखंड विकास पदाधिकारी से जांच कर योजनाकर्ता पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन लेन-देन के मामले को टालमटोल कर दिया गया। कहा कि पुरे ताजपुर प्रखंड में नल-जल में गड़बड़ी की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रखंड के हद में माधोपुर दिघरूआ पंचायत के वार्ड 9 में भी लगभग 10 दिनों से जलापूर्ति ठप्प है। नगर एवं प्रखंड के कई अन्य नल-जल भ्रष्टाचार का दंश झेल रहा है। उन्होंने तमाम नल-जल को दुरुस्त करने, दोषियों पर कार्रवाई करने समेत अन्य मांगों को लेकर भाकपा माले एवं खेग्रामस के बैनर तले आगामी 19 मार्च को प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर आहूत प्रदर्शन में भाग लेकर सफल बनाने की अपील ताजपुर वासियों से की। मौके पर प्रमोद साह, संतोष साह, शोभा देवी, अनीता देवी, रीता देवी समेत दर्जनों ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *