सांसदों ने राज्य के सभी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री से मिलने की कही बात
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और अर्जुन मुंडा ने भी दिया पहल का भरोसा
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। इस्पात उत्पादन में सेल के सबसे बड़े बोकारो स्टील प्लांट के प्रस्तावित विस्तारीकरण और बीजीएच को सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने को लेकर जारी महाहस्ताक्षर अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित के पहल पर झारखण्ड के दर्जनों सांसदों ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिख कर अभियान को समर्थन दिया है।

अभियान का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता कुमार अमित ने 26 अगस्त को बताया कि उन्होंने राँची में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, डा. प्रदीप वर्मा, आदित्य प्रसाद साहु व् चतरा सांसद काली चरण सिंह से अलग-अलग मिल कर इस विषय की विस्तृत जानकारी देते हुए उच्चस्तरीय पहल करने हेतु ज्ञापन दिया। इन सांसदों ने प्रधानमंत्री को इस सम्बन्ध में पोस्टकार्ड लिखकर राज्य हित में इस अभियान को समर्थन दिया और विस्तारीकरण को शीघ्र प्रारंभ करने हेतु झारखण्ड के सभी सांसदों को लेकर सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री से मिलने की भी बात कही।
कुमार अमित इस विषय को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं रघुवर दास से भी मिले और बीएसएल के विस्तारीकरण हेतु ज्ञापन देते हुए उच्चस्तरीय पहल करने का आग्रह किया। दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने कहा कि बोकारो सहित झारखंड के विकास को गति देने और यहाँ के युवाओं को रोज़गार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह विस्तारीकरण राज्य के लिए आवश्यक है।

इसके लिए राज्य सरकार को अपनी विधि व्यवस्था दुरुस्त कर झारखंड में शीघ्र विस्थापन एवं पुनर्वास नीति बनाते हुए राज्य में निवेश का वातावरण बनाना चाहिए। उपरोक्त दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने इस अभियान की सराहना करते हुए आवश्यक उच्चस्तरीय पहल करने की भी बात कही है।
![]()













Leave a Reply