Advertisement

गुवा में आठ स्थानों पर हो रही है मां दुर्गा की पूजा, मां का खुला पट

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में लौह अयस्क नगरी के नाम से मशहूर गुवा में इस वर्ष दुर्गा पूजा का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर क्षेत्र के कुल आठ स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित का श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना धूमधाम से की जा रही है।

जानकारी के अनुसार गुवा के विवेक नगर, कल्याण नगर, राम नगर, कैलाश नगर, हिरजी हाटिंग, बिरसा नगर वन, रुंगटा कॉलोनी नुईया और पावर वन देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर श्रद्धालू पूजा कर रहे हैं। प्रत्येक पूजा समिति ने भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमाओं की स्थापना कर श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित किया है।

बताया जाता है कि बीते 28 सितंबर की देर शाम को शुभ मुहूर्त में मां दुर्गा का पट खोला गया। मां के दर्शन के लिए दूसरे दिन 29 सितंबर की सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान जैसे ही माँ जगदंबा का पट खोला गया, वातावरण जय मां दुर्गा और जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में माता की आराधना करती नजर आईं, वहीं युवाओं और बच्चों में भी पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के सभी पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडालों में बिजली, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुवा पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। सभी आठ स्थानों पर पूजा-अर्चना के साथ-साथ भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पूरे नगर का माहौल भक्तिमय हो गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *