एस. पी. सक्सेना/बोकारो। वामपंथी ट्रेड यूनियनों द्वारा अमेरिकी व इज़रायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे साम्राज्यवादी हमले के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बोकारो जिला मुख्यालय के नया मोड़ बिरसा चौक पर 2 मार्च को विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए एटक के महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि, मोर्चा अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों की कड़ी निंदा करता है। कहा कि जिस हमले में ईरान के सुप्रीमो नेता खामनेई और उसके परिवार ने शहादत दी है। जहां से बच्चों और आम नागरिकों के मारे जाने की खबर आ रही है। ये हमले ईरान की राष्ट्रीय संप्रभुता, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सभी अंतरराष्ट्रीय संधियों का खुला उल्लंघन करते हुए किए गए हैं।
सीटू के महामंत्री आर. के. गोराई ने कहा कि अमेरिका और इज़राइल ने ये हमले ईरान के साथ जारी वार्ताओं की अनदेखी करते हुए किए हैं। इन हमलों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि वे इन वार्ताओं में कभी विश्वास नहीं रखते थे। कहा कि अमेरिका एक आक्रामक दबंग शक्ति की तरह व्यवहार कर रहा है, जो अपनी इच्छा से संप्रभु देशों पर हमला कर रहा है। ईरान पर हमला, वेनेज़ुएला पर उसके हालिया हमले और क्यूबा को दी गई धमकियों के बाद किया गया है।
ऐक्टू के महामंत्री देवदीप सिंह दिवाकर ने कहा कि ईरान पर यह हमला भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इज़राइल यात्रा समाप्त होने के तुरंत बाद हुआ है। भारत सरकार को अपने मित्र देश ईरान पर हुए इन हमलों की स्पष्ट और बिना किसी शर्त के निंदा करनी चाहिए तथा तत्काल शत्रुता की समाप्ति की मांग करनी चाहिए। विरोध सभा को एआईयूटीयूसी के महामंत्री मोहन चौधरी व बोकारो कर्मचारी पंचायत के महामंत्री आर. के. वर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जे. एन. सिंह ने किया। कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में वाम दलों के कार्यकर्तागण शामिल रहे।
![]()













Leave a Reply