Advertisement

बीएसएल प्रबंधन की उदासीनता पर विधायक का कड़ा रुख

समन्वयक बैठक नहीं होने पर विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) प्रबंधन की निष्क्रियता पर कड़ा रुख अपनाते हुए पत्राचार के माध्यम से गंभीर नाराजगी जताई है।

विधायक ने कहा है कि पूर्व में सामूहिक सहमति बनी थी कि बीएसएल से संबंधित जनहित के मुद्दों के समाधान हेतु प्रत्येक माह समन्वयक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सांसद, विधायक, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं बीएसएल निदेशक प्रभारी की सहभागिता सुनिश्चित हो।

विधायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बैठकें नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तय की गई थीं, किंतु बीते तीन महीनों से न तो कोई बैठक हुई है और न ही बीएसएल प्रबंधन की ओर से कोई संवाद या प्रस्ताव आया है।

विधायक ने अपने पत्र में कई ज्वलंत मुद्दों को रेखांकित किया, जिनमें विस्थापन की कठिनाइयाँ, रिटायर्ड कर्मचारियों की समस्याएं, कामगारों के 39 माह का बकाया एरियर भुगतान, दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों की समस्याएं, पेयजल संकट, आवासीय दिक्कतें, युवाओं के रोजगार की अनदेखी, पर्यावरणीय असंतुलन और सड़क निर्माण जैसे विषय शामिल हैं।

विधायक ने कहा कि उनका प्रयास हमेशा संवाद और समन्वय के माध्यम से समाधान निकालने का रहा है, परंतु यदि शीघ्र पहल नहीं की गई, तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें जनभावनाओं के अनुरूप आंदोलनात्मक रुख अपनाना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में वे अनिश्चितकालीन प्लांट बंद जैसे कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य हो सकती हैं, जिसकी पूरी जवाबदेही बीएसएल प्रबंधन की होगी। अंत में उन्होंने आग्रह किया कि इस गंभीर विषय को ध्यान में रखते हुए समन्वयक बैठक की तिथि जल्द तय की जाए, ताकि संवाद के माध्यम से समाधान का मार्ग निकाला जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *