Advertisement

भेलाटांड़ में स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती पर विधायक ने अर्पित की श्रद्धासुमन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी प्रखंड के भेलाटांड़ में महान किसान नेता, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती समारोह 22 फरवरी को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

विधायक रजक ने स्वामी सहजानंद सरस्वती की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके विचारों को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों और गणमान्य जनों की उपस्थिति रही।

मौके पर विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने देश में किसान आंदोलन को नई दिशा दी और सामाजिक न्याय की अलख जगाई।

उन्होंने कहा कि स्वामीजी की विचारधारा आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और समाज में समानता स्थापित करने की प्रेरणा देती है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही किसानों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाया जा सकता है।
जयंती समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य जनों ने भी स्वामीजी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *