Advertisement

कोचिंग से लौट रही छात्र के अपहरण का प्रयास, विरोध पर बदमाशों ने की फायरिंग

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में भगवानपुर थाना क्षेत्र के लालगंज फकुली मार्ग से अपने गांव रामपुर बख़रा जारंग चौक स्थित कोचिंग से पढ़कर लौट रही नौवीं की छात्रा के साथ मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों ने अश्लील हरकत की। घटना 6 जनवरी की बतायी जा रही है।

बताया जाता है कि बाइक सवार द्वारा अश्लील हरकत का जब छात्रा ने विरोध किया, उसके बाद युवकों ने पिस्तौल निकाल कर छात्रा को धमकाया और फायरिंग कर दी। जिसकी आवाज पर आसपास के रहिवासी दौरे आए। भीड़ बढ़ता देख दोनों युवक फरार हो गए।

छात्रा के उपर फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी कट्टा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। जिसकी तलाश जारी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त देशी कट्टा बरामद किया गया है, साथ ही दो जिंदा कारतूस भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी पिछले एक माह से कोचिंग आते-जाते समय उसे लगातार परेशान कर रहे थे। सामाजिक लोक-लाज के भय से उसने इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों का मनोबल बढ़ता गया और 6 जनवरी की सुबह उसने अश्लील हरकत के बाद फायरिंग कर दी।

रहिवासियों के अनुसार छात्रा प्रतिदिन अपने गांव रामपुर बखरा से जारंग चौक स्थित कोचिंग आती-जाती है। छात्रा के अनुसार, बीते एक माह से आरोपी रास्ते में उसका पीछा करता था। बताया कि घटना के वक्त कोचिंग से लौटते समय जब वह लालगंज–फकुली मार्ग से अपने घर जाने वाले रोड में मुड़ी, तभी बाइक सवार आरोपी सौरभ कुमार और उसका साथी रोशन कुमार वहां पहुंचे और अश्लील शब्द कहने लगे। विरोध करने पर सौरभ कुमार ने फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के रहिवासी जुटने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार पूर्व में भी बाइक चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। वह मुजफ्फरपुर जिला के हद में फकुली थाना क्षेत्र के केशरामा रहिवासी विनय मिश्र का पुत्र है और फिलहाल वैशाली जिला के हद में सिंहमा गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। इस घटना को लेकर रहिवासी युवती के अपहरण की आशंका व्यक्त कर रहे है, तो कुछ प्रेम प्रसंग की बात भी कर रहे हैं।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *