Advertisement

विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के आईएल स्थित लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल में 20 दिसंबर को विज्ञान एवं आर्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी कार्यक्रम में मुख्य रूप से सूबे के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, फादर सीरीएक जोसेफ शामिल हुए। जानकारी के अनुसार झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल गोमिया में आयोजित वार्षिक कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से स्कूल के सचिव फादर सीरीएक जोसेफ के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित नवाचार पूर्ण एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रदर्शित किए। मंत्री ने प्रत्येक मॉडल का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचारों, कार्यप्रणाली और उद्देश्य की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट सिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे अन्य कई मॉडल्स की प्रशंसा की।

बच्चों की रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं उन्हें बधाई दी। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं प्रस्तुति की मंत्री ने सराहना की। मौके पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास का मजबूत आधार है। कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।

विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, समर्पण एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाते हुए आगे बढ़ने का उन्होंने आह्वान किया। मौके पर स्कूल के सचिव फादर सीरीएक जोसेफ, प्राचार्या सिस्टर शीरीन, आइइएल थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, मुखिया बंटी उरांव एवं अंशु कुमारी आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *