प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के गांगजोरी पंचायत स्थित पांदनाटांड़ में 17 दिसंबर को 44वां शहीद रतन तुरी शहादत समारोह श्रद्धा एवं गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद का आयोजको एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात मंत्री ने शहीद रतन तुरी के स्मारक स्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अमूल्य बलिदान को नमन किया।
मंत्री योगेंद्र ने कहा कि शहीद रतन तुरी ने महाजनी प्रथा के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया और समाज को अन्याय व शोषण के खिलाफ एकजुट करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका त्याग, साहस और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

समारोह के दौरान मंत्री ने जरूरतमंद रहिवासियों के बीच कंबल का वितरण किया तथा शहीद स्मृति फुटबॉल मैच का विधिवत उद्घाटन भी किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं युवाओं की उपस्थिति रही, जिससे समारोह का वातावरण देशभक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।
![]()













Leave a Reply