Advertisement

मंत्री ने किया तेनुघाट बांध के विकास कार्यों का शिलान्यास

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। जल संसाधन विभाग द्वारा बोकारो जिला के हद में तेनुघाट बांध की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए डीएसआरपी 2021 की अनुशंसा पर आधारित कार्यों की शुरुआत की गई है।

इसे लेकर 4 मई को झाड़ी कटिंग, बोल्डर पिचिंग, नाली सफाई, ग्रास पिचिंग और सौंदर्यकरण कार्यों का विधिवत शिलान्यास राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया। यह तेनुघाट बांध के सुरक्षा मापदंडों को पूरा करने के लिए विभिन्न कार्यों का शुभ शिलान्यास किया गया है। मौके पर मंत्री का भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान मंत्री ने कहा कि डैम के सम्पूर्ण विकास के हमारे लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में सुरक्षा मापदंडों को स्थापित करने के लिए किया गया यह शिलान्यास ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि 793.22 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न कार्यों के पूर्ण होने के बाद तेनुघाट डैम को एक नई पहचान मिलेगी। जिससे यहां जलापूर्ति के साथ साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

शिलान्यास के बाद मंत्री प्रसाद ने कहा कि तेनुघाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि तेनुघाट और आसपास के रहिवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब साकार होने जा रही है। उन्होंने कहा कि तेनुघाट डैम को पर्यटन के रूप विकसित करने के लिए ₹ 55 करोड़ की स्वीकृति मिल रही है। बहुत जल्द काम शुरु होगा। मंत्री ने कहा कि यहां अन्य विभागों द्वारा भी काम किये जायेंगे, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने बताया कि तेनुघाट में बिजली की समस्या का समाधान अतिशीघ्र किया जाएगा।

इस अवसर पर तेनुघाट पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव, पंसस अजीत कुमार पांडेय, राजन नायक, अख्तर अंसारी, रामचंद्र यादव, मुकेश कुमार, बबलू, सुजात, बसंत, पंकज नायक आदि उपस्थित थे। वहीं मंत्री के इस पहल से स्थानीय रहिवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *