संस्कृति और परंपराएँ ही हमारी असली पहचान-योगेंद्र प्रसाद
प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पंचायत हिसिम के ग्राम त्रियोनाला में आयोजित पारंपरिक मड़य यात्रा कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन राज्य के मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध योगेंद्र प्रसाद ने 20 जनवरी को फीता काटकर किया।
मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों एवं आयोजकों द्वारा फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। उद्घाटन के पश्चात अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति, भाषा और परंपराएँ ही हमारी असली पहचान हैं। ये न केवल समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक यात्रा, मेले और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बाँधने का कार्य करते हैं।

कहा कि आज के आधुनिक युग में भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही परंपराएँ आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने का काम करेगा। मंत्री ने मड़य यात्रा जैसे आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने वाला बताया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने उपस्थित जनक का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य के माध्यम से ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। अंत में मंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं ग्रामवासियों को साधुवाद दी और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के निरंतर आयोजन का आह्वान किया।
![]()













Leave a Reply