Advertisement

मंत्री ने किया विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा पंचायत स्थित पुटकाडीह में बीएससी क्लब द्वारा तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजनकर्ताओं द्वारा पुष्प गुच्छ एवं फूल माला पहना कर गोमिया विधायक सह राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद का जोरदार स्वागत किया गया।

जानकारी के अनुसार मैच का उद्घाटन राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा मद्द निषेध एवं उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मार कर किया गया। विजेता टीम के कप्तान को मंत्री प्रसाद द्वारा पुरस्कार और कप देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार स्थानीय स्तर पर स्थानीय खिलाड़ियों के प्रतिभा को निखारने के लिए एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति संवेदनशील है। कहा कि कई वर्षों से इस मैदान में खेल प्रतियोगिता आयोजित होता रहा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इस मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने रहिवासियों को उलगड्डा पंचायत अंतर्गत मुख्य सड़क से लेकर कई टोलों में सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया।

बताया जाता है कि इस अवसर पर पुरुष टीम में कूष्मांडा ललपनिया और प्राइवेट एफ सी पेटरवार के बीच फाइनल मैच खेला गया। जिसमें पेटरवार की टीम एक गोल कर विजेता बना। ज्ञात हो कि उक्त स्थल पर फुटबॉल टूर्नामेंट प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर गांधी जयंती के शुभ अवसर कई वर्षों से आयोजित होते रहा है। आयोजित टूर्नामेंट में कुल महिला एवं पुरुष के टीम मिला कर 16 टीम भाग लिए थे। महिला टीम में पुरुलिया और बोकारो के बीच फाइनल खेला गया। जिसमें मैच ड्रॉ हो गया, किसी भी टीम के खिलाड़ियों ने इस रोमांचक मैच में एक भी गोल नहीं कर सका। वहीं पुरुष टीम में कूष्मांडा ललपनिया और प्राइवेट एफ सी पेटरवार के बीच फाइनल खेला गया, जिसमें पेटरवार की टीम प्राइवेट एफ सी की टीम को एक गोल कर विजेता बना।

इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मंच का संचालन पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार मुर्मू ने किया। मौके पर पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष महतो, अंचल अधिकारी अशोक राम, थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो, झामुमो बोकारो जिलाध्यक्ष रतन लाल मुर्मू, जिला सचिव मुकेश कुमार महतो, केंद्रीय सदस्य मनोहर मुर्मू, प्रकाश महतो, पंचायत समिति सदस्या यशोदा देवी, लालबहादुर शर्मा, दीपक गुप्ता, राजन नायक, पूर्व मुखिया कर्मी देवी, करमचंद मुर्मू, नारायण प्रजापति, श्रीराम हेंब्रम, बुधन सोरेन, महानंद मुर्मू सहित सैकड़ों गणमान्य एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *