एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सीसीएल के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से दिव्यांग जनों के बीच 26 अप्रैल को बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। ट्राई साइकिल वितरण राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा मध निषेध एवं उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद तथा सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार द्वारा किया गया।
बोकारो जिला के हद में कथारा स्थित सीसीएल के अतिथि गृह परिसर में कथारा कोलियरी परियोजना के सौजन्य से आयोजित ट्राई साइकिल वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह बैटरी चालित ट्राई साइकिल दिव्यांग जनों के लिए वरदान से कम नहीं है। उन्होंने सीसीएल के सीएसआर द्वारा क्षेत्र में सामाजिक कार्यों व् सामाजिक दायित्वों की पूर्ति के लिए किये जा रहे प्रयासों की भूरी भूरी सराहना की।
महाप्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि आने वाले समय में आप सबों के सहयोग से क्षेत्र और भी बेहतर उत्पादन करेगा, जिससे मुख्यालय द्वारा सीअसआर मद से अधिक फंड मिलने से इसका लाभ यहां के रहिवासियों को प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीएसआर मद से 1.25 करोड़ की लागत से क्षेत्र में पेयजल जिसमें तालाब निर्माण, डोभा, चापाकल के अलावा डीप बोरिंग के माध्यम से जलापूर्ति कार्य पूर्ण करने की योजना है। उन्होंने दिव्यांग जनों को ट्राई साइकिल का सही ढंग से सदुपयोग करने का आग्रह किया।
समारोह का संचालन कथारा कोलियरी के प्रबंधक कृष्ण मुरारी तथा अध्यक्षता परियोजना पदाधिकारी ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय स्तर के सीसीएल अधिकारी, परियोजना के अधिकारीगण सहित विभिन्न ट्रेड यूनियन नेता, पंचायत के मुखिया, पूर्व मुखिया, जनप्रतिनिधि ग्रामीण तथा प्रभावित दिव्यंग् जन उपस्थित थे।
वहीं दिव्यांग जनों में बोरिया उत्तरी पंचायत के कृष कुमार, ऋषि कुमार, मलय चक्रवर्ती, कथारा पंचायत के मोहम्मद आलम रजा, श्रवण कुमार चौहान, ज्वाला मुंडा, ममता कुमारी, बोडिया दक्षिणी पंचायत के कविता देवी, संबुल परवीन, पूरव् सिंह, शाहिद अख्तर, गोविंदपुर ई पंचायत के हिमांशु कुमार महतो, झिरकी पंचायत के गुलाम हुसैन, मो. सद्दाम हुसैन, कलामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद मकसूद अंसारी, सरहचिया पंचायत के प्रमोद कुमार, वशिष्ट दुबे, कुंती कुमारी तथा बांध पंचायत के शरीफ अंसारी को मंत्री एवं महाप्रबंधक द्वारा बैटरी चालित ट्राई साइकिल दिया गया। यहां कुल 20 ट्राई साइकिल का वितरण किया गया।
बताया जाता है कि असनापानी रहिवासी दिव्यांग आलम रजा ने प्राप्त ट्राई साइकिल को डीएवी के समीप रहने वाली बच्ची मनीषा कुमारी को देते हुए दरियादिली का परिचय दिया। रजा ने बताया कि उससे ज्यादा इस बच्ची को इसकी आवश्यकता थी। जबकि बाबू राम के पुत्र करण कुमार को ट्राई साइकिल नहीं मिलने पर परिजन काफी नाराज दिखे। पूर्व मुखिया द्वारा उसे बाद में ट्राई साइकिल देने का आश्वासन दिया गया। समारोह के बाद वितरण के लिए वहां रखे गये फलदार वृक्ष आम को लेने के लिए आपाधापी मचा रहा, बावजूद इसके स्थानीय अधिकारी वृक्षों को अपने साथ ले गये, जिससे कई वृक्ष प्रेमी मायूस दिखे।
![]()

















Leave a Reply