सांसद प्रतिनिधि के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने प्रधान सचिव से की मुलाकात
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने 23 सितंबर को पटना में बिहार के जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल से मिलकर सबलपुर दियारे को गंगा नदी से कटाव से बचाने के लिए भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने सबलपुर दियारे में रिंग बांध निर्माण की मांग करते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल में भाजपा सोनपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, सामाजिक कार्यकर्त्ता राजीव कुमार मुनमुन, समाजसेवी अविनाश शर्मा, मध्यवर्ती पंचायत के मुखिया दिनेश राय एवं पूर्व मुखिया धर्मेन्द्र राय शामिल थे।
प्रतिनिधि मंडल ने प्रधान सचिव मल्ल को सबलपुर दियारा की कटाव से हुई गंभीर समस्या की जानकारी देते हुए समस्या के शीघ्र निदान की मांग की। प्रधान सचिव से ग्रामीणों की रिंग बांध की मांग पर विस्तार पूर्वक चर्चा की और पूरी तरह यहां की वस्तु स्थिति से अवगत कराया। प्रधान सचिव ने पटना से अधिकारी की टीम को स्थल का जायजा लेने और रिपोर्ट बनाकर भेजनें का आश्वासन दिया। प्रधान सचिव ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
विदित हो कि पिछले दो माह से दियारा इलाके में गंगा का कटाव हो रहा है। जिसमें घर – बथान, खेत, बाग आदि सब के सब गंगा में समा चुके हैं। दर्जनों रहिवासी बेघर हो चुके हैं। रिंग बांध से ही सबलपुर को बचाया जा सकता है जिसकी मांग ग्रामीण कई वर्षो से करते रहे है। किन्तु कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। मजबूरन बाढ़ पीड़ित सड़क पर संघर्ष के लिए मजबूर थे। हाल ही यहां कटाव में घर की दीवार गिरने से दो महिला की मौत हो गई थी, जिसके कारण बाढ़ पीड़ितों में नाराजगी थी। इससे पहले भी इस इलाके में कटाव हो चुका है, लेकिन सांसद रूडी के पहल पर जल संसाधन विभाग द्वारा कटाव रोधी कार्य करवाया गया था।
कटाव की भीषणता को देखते हुए अब ग्रामीणों की मांग हो रही थी कि रिंग बांध बन जायेगा तो दियारा में कटाव की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जायेगी और ग्रामीणों को बाढ़ से भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा की अगली बार बैठक में इस मुद्दे पर सांसद राजीव प्रताप रूडी विभाग के प्रधान सचिव के साथ बैठ कर समस्या समाधान पर विचार करेंगे और प्रयास रहेगा कि जितना जल्दी हो दियारा के रहिवासियों की समस्या का निदान हो।
![]()













Leave a Reply