Advertisement

सोनपुर रेल मंडल द्वारा चलाया गया मेगा टिकट जांच अभियान

जांच अभियान में 2 हजार 736 बेटिकट यात्रियों से ₹12 लाख 43 हजार 925 की वसूली

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल के अंतर्गत बिना टिकट यात्रा एवं बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को हतोत्साहित करने के लिए लगातार सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार विगत 13 सितम्बर को सीनियर डीसीएम रौशन कुमार के मॉनीटरिंग में टिकट चेकिंग स्टाफ की अलग- अलग समूह बनाकर रेल मंडल के विभिन्न रेल खंडों में सुबह 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। बताया जाता है कि सोनपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों में औचक जांच कराई गई।

इसके अतिरिक्त सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, बरौनी, खगड़िया, मानसी, नवगछिया आदि रेलवे स्टेशनों से गुजरने वाली सभी यात्री रेलगाड़ियों के एसी कोच, विकलांग, महिला कोच, पैंट्री कार तथा अवैध वेंडरो की भी जांच की गई। साथ ही एटीवीएम एवं यूटीएस मोबाइल एप के द्वारा टिकट खरीदने के लिए यात्रियों को जागरूक भी किया गया।

मेगा टिकट जांच के दौरान एक दिन में बिना टिकट पाए गए 2 हजार 736 मामलों से किराया व जुर्माना सहित कुल 12 लाख 43 हजार 925 रुपए वसूल किए गए। इस संबंध में सोनपुर रेल मंडल के पीआरआई सुबोध कुमार ने 14 सितम्बर को जानकारी देते हुए बताया कि रेल प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों में भी इस तरह के और भी टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बेटिकट यात्रा करनेवाले यात्रियों के कारण एक ओर जहां टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर रेल राजस्व की भी हानि होती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *