Advertisement

सोनपुर रेल मंडल द्वारा चलाया गया मेगा टिकट जांच अभियान

बिना टिकट और अनियमित टिकटों पर यात्रा करते पकड़े गए कुल 4656 यात्री

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर रेल मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर यात्रियों को परेशानी मुक्त, आरामदायक यात्रा, बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने एवं बिना टिकट यात्रा पर लगाम लगाने के लिए रेल प्रशासन द्वारा चलाए गए मेगा टिकट चेकिंग अभियान में कुल 4656 यात्री पकड़े गए।

सोनपुर रेल मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) रंजीत कुमार ने 18 जुलाई को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए लोकल, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ स्पेशल ट्रेनों में भी लगातार विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सोनपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में टिकट चेकिंग अभियान चलायी जा रही है।

पीआरओ के अनुसार इसी क्रम में सोनपुर मंडल के सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, बरौनी, खगड़िया सहित विभिन्न रेल खंडों में बीते 17 जुलाई को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
मेगा टिकट चेकिंग के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकटों पर यात्रा करनेवाले कुल 4656 यात्री पकड़े गए, जिनसे दंड स्वरूप 32 लाख 58 हजार 530 रुपए वसूले गए।

कहा कि रेल प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों में इस तरह के और भी टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। ज्ञात हो कि, सोनपुर मंडल की तरफ से लगातार यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *