मेगा स्वास्थ्य कैंप में 430 रहिवासियों का स्वास्थ्य जांच व् इलाज
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के कथारा मोड़ दुर्गा मंदिर प्रांगण में 26 फरवरी को वरिष्ट नागरिकों के लिए मेगा स्वास्थ्य जांच एवं इलाज कैंप का आयोजन किया गया। मेगा कैंप में कुल 430 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवा दी गयी तथा बेहतर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गयी। कैंप में मरीजों को होमीयोपैथ, आयुर्वेद तथा योग विशेषज्ञ ने बढ़ चढ़कर अपना योगदान दिया।
जानकारी के अनुसार कथारा मोड़ मंदिर प्रांगण में आयोजित मेगा कैंप में खासकर वयोवृद्ध रहिवासियों का इलाज किया गया। जिसमें बोडिया उत्तरी, बोडिया दक्षिणी पंचायत, कथारा पंचायत, बांध पंचायत, खेतको पंचायत, जरिडीह, बेरमो, गोबिंदपुर पंचायतो से आये कुल 430 मरीजों की जांच कर आवश्यक दवा दी गयी। जबकि शिविर में योग विशेषज्ञ ने बुजुर्ग मरीजों को दर्द से मुक्ति तथा स्वस्थ रहने के लिए योग क्रियाओं की जानकारी दी।
बताया जाता है कि उक्त मेगा स्वास्थ्य कैंप में होमीयोपैथ चिकित्सक डॉ नरेश कुमार प्रजापति द्वारा 180 मरीज, डॉ काजल द्वारा 60 मरीज तथा आयुर्वेद चिकित्सक डॉ नेहा सिंह द्वारा 110 मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवा दी गयी। वहीं योग शिक्षक सहदेव महतो, नित्यानंद प्रसाद, किशोर प्रजापति तथा संतोष कुमार पाल द्वारा 60 मरीजों को योग की विविध क्रियाओं की जानकारी दी गयी। इसमें सहिया गुड़िया देवी, सुधा देवी आदि का सराहनीय सहयोग रहा।
बताया जाता है कि कैंप में उपस्थित मरीजों में अधिक संख्या पुरुषो की अपेक्षा महिलाओं की थी। जिसमें जोड़ो का दर्द, शरीर में अकड़न की शिकायत, कमजोरी, ऐंठन, चक्कर आने की शिकायत, भूलने की शिकायत आदि से जुड़े मरीज अधिक थे।
जानकारी देते हुए आयुर्वेद चिकित्सक डॉ नेहा सिंह तथा होमीयोपैथ चिकित्सक डॉ एन. के. प्रजापति ने बताया कि उक्त कैंप लगाने के पीछे बोकारो जिला प्रशासन तथा सिविल सर्जन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों खासकर वयोवृद्ध नागरिकों को उनके सुविधानुसार बेहतर से बेहतर सेवा प्रदान कर एक स्वस्थ समाज की स्थापना में योगदान करना है।
![]()













Leave a Reply