ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर समारोह को पूरे जोश एवं उत्साह से मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को दुरुस्त करने हेतु 20 जनवरी को गिरिडीह समाहरणालय सभागार कक्ष में बैठक आयोजित किया गया।
गिरिडीह जिला उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों, सभी संबंधित अधिकारियों एवं अन्य गणमान्यों के साथ गणतंत्र दिवस को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त लकड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के आलोक में भव्यता के साथ गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात सभी संबंधित कार्यालय प्रधान अपने-अपने कार्यालयों में झंडोत्तोलन करेंगे।
उन्होंने सभी परेड के बटालियन एवं प्लाटून को 21 से 24 जनवरी तक रिहर्सल/पूर्वाभ्यास करने का निर्देश दिया। झंडा मैदान में मंच की व्यवस्था को लेकर कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को निर्देशित किया गया। साथ ही सभी सम्मानित एवं गणमान्य को आमंत्रण पत्र ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सभी स्थानों में साफ-सफाई तथा ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
उपायुक्त द्वारा समारोह में शामिल होने वाले मीडिया कर्मियों एवं प्रतिनिधियों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया। इसी प्रकार अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन करने को लेकर सुरक्षा मानक के अनुरूप झंडोत्तोलन करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा उपायुक्त ने स्वतंत्रता सेनानियों/पूर्व एवं वर्तमान विधायक, सांसद, नगर के गणमान्य नागरिकों आदि को आमंत्रित करने के निमित्त निमंत्रण पत्र छपवाकर वितरित करने का निर्देश जिला नजारत उप समाहर्ता को दिया। कहा कि समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं को उचित तरीके से सुनिश्चित किया जायेगा।

झांकियों में उपयोग किए जाने वाले सभी वाहनों की जांच गणतंत्र दिवस से पूर्व आगामी 25 जनवरी को जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक गिरिडीह के द्वारा किया जाएगा। झांकी की व्यवस्था सुचारु रुप से संपादन हेतु उप विकास आयुक्त गिरिडीह की अध्यक्षता में टीम गठन करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि बैठने के स्थान पर महिला, पुरुष एवं गणमान्य नागरिकों, मीडिया कर्मी हेतु अलग-अलग बोर्ड लगवा दिया जाए, ताकि आगंतुकों को कठिनाई ना हो। सिविल सर्जन गिरिडीह द्वारा कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने से पूर्व सभी का चिकित्सीय जांच कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा।
गेट पर सेनीटाइजर की व्यवस्था रखी जाएगी। सिविल सर्जन द्वारा कार्यक्रम स्थल झंडा मैदान में प्रवेश करने से पूर्व चिकित्सीय जांच कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा। गेट पर सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर मंच सहित पूरे स्टेडियम परिसर में सोडियम हाईपोक्लोराइड का छिड़काव किया जाएगा। प्राथमिक उपचार हेतु मेडिकल टीम तथा एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम, गिरिडीह जिले में स्थित सभी महापुरुषों की प्रतिमा का विशेष रूप से साफ-सफाई करवाना सुनिश्चित करेंगे। माल्यार्पण के लिए आवश्यक व्यवस्था का दायित्व नगर निगम को दिया गया।
साथ ही मुख्य समारोह स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों एवं पूरे शहर की साफ-सफाई भी सुनिश्चित कराएंगे। गणतंत्र दिवस की परेड में सीआरपीएफ, जिला बल, होमगार्ड, एनसीसी, आईआरबी के प्लाटून भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण जिला नजारत उप समाहर्ता एवं प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा करेंगे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र द्वारा झंडा मैदान एवं अन्य समारोह स्थल पर झंडोत्तोलन हेतु झंडा बांधने का कार्य कराया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे शहर की साफ सफाई किया जाना है।
झंडोत्तोलन के अवसर पर झंडा मैदान में नगर निगम द्वारा पीने के लिए टैंकर पानी की व्यवस्था की जाएगी। यातायात पुलिस शहर में ट्रैफिक कंट्रोल, चौक चौराहों में गाड़ियों की भीड़ न लगने देना तथा गाड़ियों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आवागमन सुनिश्चित करेंगे। वाहन की व्यवस्था जिला परिवहन पदाधिकारी करेंगे।
मुख्य समारोह में 14 विभागों के द्वारा भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, गव्य विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, जेएसएलपीएस, डीआरडीए, जिला उद्योग केंद्र, उत्पाद विभाग, अग्निशमन विभाग, एलडीएम (आरसेटी) आदि शामिल होंगे।
समाहरणालय सभागार कक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, उप नगर आयुक्त, नगर निगम, जिला परिवहन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, आदि।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला स्थापना उप समाहर्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply