प्रहरी संवाददाता/बोकारो। सेल के बोकारो इस्पात प्रबंधन के संपदा न्यायालय के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ झुग्गी-झोंपड़ी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ की बैठक 18 दिसंबर को बोकारो के सेक्टर पांच में आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 22 दिसंबर को बोकारो इस्पात नगर सेवा भवन के समक्ष प्रदर्शन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय रजक ने की।
बताया जाता है कि आयोजित बैठक में नगर सेवा भवन पर प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। इसके तहत बोकारो इस्पात नगर के सभी झुग्गी, काॅलोनी, रहिवासियो और फुटपाथ दुकानदारों के साथ बैठक कर संगठित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मौजूद महासंघ के संरक्षक कुमार राकेश ने कहा कि सेल प्रबंधन के संपदा न्यायालय द्वारा हवाई अड्डा और सिटी सेंटर सेक्टर चार सहित पूरे बोकारो में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत लगभग 250 दुकानों और झुग्गियों को तोड़ दिया गया है। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिन दुकानदारों, मीट दुकानदारों की दुकानें तोड़ी गयी हैं या जिन्होंने स्वयं ही व्यवसाय बंद कर दिया है, उन्हें पुनर्वासित करना जिला प्रशासन और सेल प्रबंधन की नैतिक जिम्मेवारी है। उन्होंने आंदोलन को बाहरी-भीतरी का रंग देने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
कहा कि पूरे बोकारो में अतिक्रमण की तलवार लटक रही है, इसीलिए सबको साथ मिलकर विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने की जरूरत है। महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय रजक ने कहा कि विभिन्न कानूनों के तहत उजाड़े गये प्रभावितों का पुनर्वास होना चाहिए। देश के या सेल के अन्य शहरों की तरह सभी झुग्गीवासियों और फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित रूप सें बसाने और मूलभूत सुविधाएं देने का काम होना चाहिए।
बैठक में महासंघ के स्थानीय पदाधिकारी आशीष शर्मा, सद्दाम अली, राज कुमारी देवी, दुर्गा तुरी, विश्वनाथ मंडल, मो. जाहिद, पंचम सहनी, सैयद हबीब, धीमन सहनी, संजीत सहनी, समीर सिद्दीकी, फिरोज खान, तोहिद, मोहन ठाकुर, अभिषेक कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply