बोकारो जिले को जिम्मेदार तथा संवेदनशील बनाना है-उपायुक्त
लापरवाही से दूसरों को और स्वयं को भी मूसिबत में नहीं डाले-अजय नाथ झा
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आये दिन हो रहे सड़क दुर्घटनाओं पर कारगर ढंग से रोक लगाने को लेकर सरकारी स्तर पर सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा माह के तहत बोकारो जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ यातायात नियमों के पालन की अपील की गयी है।
इसे लेकर बोकारो जिला मुख्यालय कैंप-टू स्थित जायका हैपनिंग्स सभागार में 18 जनवरी की संध्या मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बोकारो जिले को एक जिम्मेदार और संवेदनशील जिला बनाना है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना भी आवश्यक है।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आगामी एक फरवरी से जिले भर में सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल लोड तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि इसका उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि अनमोल जीवन को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर चल रहा हर व्यक्ति यह याद रखे कि उसके घर पर कोई न कोई उसकी सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा कर रहा है। माता-पिता, जीवन साथी, बच्चे- सभी की खुशियां उस एक सुरक्षित यात्रा से जुड़ी होती हैं। एक पल की असावधानी पूरे परिवार के जीवन को अंधकार में डाल देता है।
उन्होंने आम रहिवासियों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी की भी लापरवाही दूसरों के जीवन को खतरे में डाल सकती है, इसलिए सड़क पर चलते समय संयम, धैर्य और नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। सुरक्षित गति, सही लेन ड्राइविंग और यातायात संकेतों का पालन हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। साथ हीं जागरूकता अभियानों, नियमित चेकिंग, स्कूली स्तर पर शिक्षा और सामुदायिक भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उपायुक्त झा ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सकारात्मक संदेश और जागरूकता से ही सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि सड़क पर अनुशासन, संयम और संवेदनशीलता अपनाएँ, क्योंकि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। यही सड़क सुरक्षा का मूल मंत्र है। मौके पर सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, मोटर यान निरीक्षक, परिवहन विभाग कर्मी, सड़क सुरक्षा टीम, जनसंपर्क विभाग की टीम आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply