रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संचालित हो रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसी क्रम में 17 फरवरी को बोकारो जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अजय नाथ झा ने आमजनों से विशेष अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों में तेज ध्वनि वाले यंत्रों के प्रयोग से परहेज करें।
उपायुक्त झा ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण होता है। ऐसे समय में ध्वनि प्रदूषण से उनकी पढ़ाई एवं एकाग्रता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी मिलकर ऐसा वातावरण बनाएं, जिससे परीक्षार्थी पूरे मनोयोग से परीक्षा दे सकें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। कहा कि आइए, हम सब मिलकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के सहभागी बनें।
![]()













Leave a Reply