Advertisement

सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत सीआरपीएफ द्वारा ग्रामीणों के बीच सामग्री वितरण

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत सीआरपीएफ द्वारा 3 जनवरी को पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरु में ग्रामीणों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 26वीं वाहिनी के समादेष्टा (कमाडेंट) राजीव रंजन के निर्देशानुसार डी/26वीं वाहिनी सीआरपीएफ किरीबुरु परिसर में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक समादेष्टा महेश्वर कुमार चौरसिया ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना एवं उनके दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं में सहयोग प्रदान करना था।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों के बीच विभिन्न उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। इसमें ठंड से बचाव के लिए कंबल, आवास उपयोग हेतु टीन शीट, खेती के लिए बीज, बच्चों के लिए खेल सामग्री एवं पठन-पाठन सामग्री, छाता तथा महिलाओं के लिए रसोई के बर्तन जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल था। सामग्री पाकर ग्रामीण रहिवासियों के चेहरे पर खुशी देखी गई। रहिवासियों ने सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर सहायक समादेष्टा महेश्वर कुमार चौरसिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नक्सलियों एवं असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं जिला पुलिस क्षेत्र की जनता की सुरक्षा, शांति और विकास के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों से सुरक्षा बलों के साथ सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में निरीक्षक निरंजन कुमार, उप निरीक्षक राजीव राणा, थाना प्रभारी किरीबुरु रोहित कुमार तथा किरीबुरु पंचायत की मुखिया पार्वती किडो सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से सीआरपीएफ ने एक बार फिर समाजसेवा और जनसंपर्क की अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *