Advertisement

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप द्वारा सामूहिक उपवास

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 7 अप्रैल को बोकारो में सामूहिक उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त जानकारी आप के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने दी।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आम आदमी पार्टी बोकारो जिला कमिटी की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ सामूहिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। बोकारो के सेक्टर पांच स्थित पुस्तकालय मैदान के समीप पार्टी कार्यालय के समक्ष आयोजित उपवास में जिला और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर अरविंद केजरीवाल को अवैध तरीके से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि उपवास के माध्यम से देश-विदेश में आम आदमी के कार्यकर्ता नवरात्रा में दुर्गा माता, शीतला माता और भगवान श्रीराम से सीएम अरविंद के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र रिहाई का आशीर्वाद मांग रहे हैं।

बोकारो जिला संयोजक विधान चंद्र राय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत बोकारो में भी अरविंद केजरीवाल की रिहाई के लिए उपवास रखा गया है। वे शीघ्र बेदाग होकर बाहर निकलेंगे। जिला महासचिव राजेश सिंह ने कहा कि मोदी सरकार विपक्ष विहीन संसद चाह रही है।

संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर विपक्ष के नेताओं को जेल भेजा जा रहा है। लेकिन 2024 में देश की जनता भाजपा से मुक्ति दिलाएगी। बोकारो जिला प्रभारी मो. मेहबूब आलम ने सीएम केजरीवाल को अवैध रूप से ईडी द्वारा फंसाने का आरोप लगाया।

उपवास कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा आप के धनबाद जिला संयोजक अशोक महतो, बोकारो जिला उपाध्यक्ष राहुल कुमार बसु, अशोक कुमार, आनंद मंडल, मनौवर अंसारी, प्रदीप कुमार झा, सतीश चंद्र गुप्ता, संजय रजक, मन्नू सहित अन्य शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *