Advertisement

गुवा में शहादत दिवस आज, डीआईजी, डीसी तथा एसपी ने लिया जायजा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा में 8 सितंबर को शहीद दिवस मनाया जाना है। शहीद दिवस समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे। इसे लेकर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कोल्हान प्रमंडल, उपायुक्त (डीसी) चाईबासा तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने 7 सितंबर को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तथा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।

ज्ञात हो कि, 8 सितंबर को गुवा में शहादत दिवस एवं जनसभा को संबोधित करने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ कई मंत्री भी गुवा पहुंच रहे हैं। इसकी तैयारी चाईबासा जिला प्रशासन द्वारा लगभग पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण को देखते हुए लगातार तीसरे दिन भी चाईबासा डीसी चंदन कुमार, डीआईजी तथा एसपी राकेश रंजन के साथ-साथ चाईबासा जिला के विभिन्न पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक के दौरान सुरक्षा को देखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारी को दिशा निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का गुवा में आगमन हेलीकॉप्टर से दोपहर एक बजे होगी। उसके बाद मुख्यमंत्री सीधे श्रद्धांजलि सभा पहुंचेंगे। श्रद्धांजलि देने के बाद गुवा सेल के फुटबॉल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

बताया जाता है कि 8 सितंबर 1980 को गुवा में हुए गोलीकांड में आंदोलनकारी 10 आदिवासी शहीद हो गए थे। इन शहीदों की याद में हर साल की तरह इस साल 8 सितंबर को शहीदों को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री सोरेन पहुंचेंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा को देखते हुए तैयारी को अंतिम रूप देने हेतु कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है।

इस जनसभा में लगभग 15 हजार समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जगह-जगह बैरिकेड लगाए गये हैं। शहादत दिवस 8 सितंबर को विभिन्न गाड़ियों का आगमन गुवा बाजार में पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। सभी गाड़ियों को श्रद्धांजलि सभा से 5 किलोमीटर दूर प्रशासन द्वारा रोककर बस द्वारा गुवा बाजार पहुंचाया जाएगा। वही मुख्यमंत्री का आगमन हेलीकॉप्टर से होगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा एरोस्ट्रिप सुरक्षा बढ़ाकर बेरिकेटेड लगाया गया है।

श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री के साथ-साथ मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, कोल्हान प्रमंडल के विधायक यथा मझगांव विधायक निरल पूर्ति, खरसावां विधायक दशरथ गगराई, इचागढ़ विधायक सविता महतो, पोटका विधायक संजीव सरदार, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन व अन्य उपस्थित रहेंगे।

इस संदर्भ में जानकारी दी गई कि 8 सितंबर को आहूत श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पश्चिम सिंहभूम जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त राज्य स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति गुवा में दिखेगी। पूरा गुवा व आस पास क्षेत्र में सरकार की योजनाओं को प्रदर्शित करता चर्चित नेताओं का चित्र पट लगा शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा चुका है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *