मुआवजे की मांग को लेकर रहिवासियों द्वारा सड़क जाम आंदोलन
प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के बेलडीह पंचायत के हरदी-हरिडीह मोड़ पर बीते 25 फरवरी को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्थानीय रहिवासी मनीहारी विक्रेता शक्ति हजाम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 60 वर्षीय वृद्ध बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भारत माला परियोजना में पानी सप्लाई कर रहे एक पानी टैंकर ने वृद्ध मनिहारी विक्रेता को पीछे से धक्का मार दिया, जिससे वे अपनी गाड़ी सहित टैंकर के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी भीषण थी कि शक्ति हजाम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टैंकर भारत माला परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान पानी देने का काम कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में रहिवासी सड़क पर उतर आए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम आंदोलन शुरु कर कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। ऐसे में परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता मिलनी चाहिए।
ग्रामीणों ने बोकारो जिला प्रशासन से तत्काल मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की बात कही जा रही है।
![]()













Leave a Reply