मंत्री ने 15 अनुमंडलों में एमएनसीयू व् 70 बेड का प्रीफैब हॉस्पिटल का किया उद्घाटन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने 5 अगस्त को सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल अस्पताल परिसर में 20 बेड वाले मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट(एमएनसीयू) और 70 बेड के प्रीफैब फील्ड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के 15 अन्य अनुमंडल अस्पतालों में भी एक साथ एमएनसीयू का उद्घाटन किया। इस पूरी परियोजना पर कुल 17 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च आया है, जिसमें सोनपुर अस्पताल में ही 8.66 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक स्वास्थ्य इकाइयों का निर्माण हुआ है।
राज्य में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए पिछले दो महीनों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 हजार नियुक्तियां की गई हैं और अगले दो महीने में 20 हजार नियुक्तियां और की जाएंगी। अगस्त महीने में ही 7000 नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। यह नियुक्तियां चिकित्सकों, नर्सों, जीएनएम, सीएचओ और पारा-मेडिकल स्टॉफ की होंगी।
उद्घाटन के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि स्वस्थ मां और नवजात ही राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति हैं।
उन्होंने बताया कि यह एमएनसीयू यूनिट 20 बेड की है। इसकी खास बात यह है कि इसमें मां और नवजात को एक साथ रखने की सुविधा उपलब्ध है। जिससे बेहतर देखभाल और मातृत्व संबंधी संतोषजनक माहौल सुनिश्चित होता है। इसी सोंच के साथ एक राष्ट्र, एक मिशन – स्वस्थ नारी, समृद्ध वतन के संकल्प पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है।
कहा कि वर्ष 2009 में जहां सिर्फ 12 बेड के साथ वैशाली सदर अस्पताल में एसएनसीयू की शुरुआत हुई थी, वहीं आज पूरे राज्य में इसकी संख्या बढ़कर 1121 बेड तक पहुंच चुकी है। इसका सीधा लाभ यह हुआ है कि बिहार में नवजात मृत्यु दर प्रति 1000 जन्म पर 52 से घटकर अब 26 हो गया है, जो कि राष्ट्रीय औसत के बराबर है। उन्होंने कहा कि आशा – ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में राज्य सरकार ने बढ़ोतरी कर दी है।
अब आशा दीदीयों को 1 हजार की जगह 3 हजार एवं ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 की जगह 600 मिलेगी। जिससे उनका उत्साह बढ़ा है। स्वास्थ्य मंत्री पांडेय ने कहा कि आज उद्घाटन किए गए सभी 15 एमएनसीयू यूनिट्स का लाभ अररिया के भरमेश्वरगंज, भागलपुर के नौगछिया, बक्सर के डुमराव, गया के शेरघाटी, गोपालगंज के हथुआ, कटिहार के बारसोई, मुंगेर के तारापुर, लालगंज, राजगीर, खगौल, बाढ़, बनमखी (पूर्णिया), दलसिंहसराय, रोसड़ा (समस्तीपुर), बगहा (प. चंपारण) और सोनपुर (सारण) की जनता को मिलेगा।

इसके साथ ही 70 बेड वाले प्रीफैब अस्पताल का निर्माण 7.5 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है, जिससे सोनपुर अनुमंडल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापकता और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं अब केवल राजधानी पटना तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि अब सोनपुर जैसे क्षेत्र में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। यह इस क्षेत्र की भविष्य की विकास भूमिका को दर्शाता है।
कार्यक्रम में सोनपुर विधायक डॉ रामानुज प्रसाद, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह, पूर्व विधायक विनय सिंह, कार्यपालक निदेशक राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार सुहर्ष भगत, सारण के सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा, डॉ एस. डी. सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम छात्रा, सामाजिक संगठन और गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply