Advertisement

मधुबनी कला साधिका इंदु मिश्रा को मिला आर्टिस्ट ऑफ द ईयर सम्मान

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। भारतीय लोक कला की समृद्ध परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने वाली प्रख्यात मधुबनी कलाकार इंदु मिश्रा को मधुबनी पेंटिंग श्रेणी में आर्टिस्ट ऑफ द ईयर सम्मान से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान एड्रेनेर कंसल्टेंसी सर्विसेज द्वारा प्रदान किया गया। यह उपलब्धि उनके समर्पण, साधना और भारतीय लोक कला के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है।

इस अवसर पर इंदु मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए विनम्रता और गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, बच्चों, मित्रों एवं शुभचिंतकों के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि कला भले ही एक एकाकी यात्रा प्रतीत होती हो, पर उन्होंने यह सफर कभी अकेले तय नहीं किया। उनकी हर कूची की रेखा के पीछे उनके अपनों का प्रेम और विश्वास रहा है।

विशेष रूप से उन्होंने यह सम्मान देश के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर चेतन शर्मा के हाथों प्राप्त करने को गौरवपूर्ण क्षण बताया, जिन्होंने विश्व कप में भारत की पहली हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था। ज्ञात हो कि मधुबनी कला साधिका इंदु मिश्रा की कला यात्रा वर्ष 2013 में एक स्वाभाविक रुचि के साथ शुरू हुई। स्वशिक्षित कलाकार के रूप में उन्होंने मधुबनी की पारंपरिक शैली को आत्मसात करते हुए उसे आधुनिक संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया।

मिथिला की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित उनकी कलाकृतियाँ सूक्ष्म रेखांकन, लयात्मक संरचना, प्रतीकात्मक, कथात्मकता और जीवंत रंगों के लिए जानी जाती हैं। वे अबतक देश-विदेश में 40 से अधिक एकल एवं समूह प्रदर्शनियों में भाग ले चुकी हैं। उनकी एकल प्रदर्शनियाँ ललित कला अकादमी (नई दिल्ली), इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फोर द आर्ट्स तथा इंडिया हैबिटैट सेंटर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित हो चुकी हैं।
इसके अतिरिक्त उनकी कलाकृतियाँ नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम एंड हस्तकाल अकादमी, नेहरू सेंटर तथा जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय कला मेलों सहित अनेक प्रमुख मंचों पर प्रदर्शित हो चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कला साधिका मिश्रा दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित इंडिया आर्ट फेस्टिवल में भारतीय लोक कला का प्रतिनिधित्व कर मधुबनी की वैश्विक पहचान को सशक्त किया। वर्ष 2019 में उन्हें मधुबनी कला के प्रचार-प्रसार के लिए अग्निपथ कला रत्न सम्मान से नवाजा गया। वर्ष 2023 में झारखंड से प्रकाशित एक दैनिक अखबार द्वारा अपराजिता कला सम्मान प्रदान किया गया। उनकी उपलब्धियों को इन्फ्लुएंशियल इंडियंस कॉफी टेबल बुक 2023 में भी स्थान मिला है।

उनकी कलाकृतियाँ प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रकाश झा तथा प्रकाश पाल सहित अनेक गणमान्य हस्तियों के निजी संग्रह में शामिल हैं। साथ ही बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड हाई कोर्ट, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स तथा डेडिकेटेड फ्रेंइट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी उनकी कृतियाँ सुशोभित हैं।

इंदु मिश्रा की कला केवल चित्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है। आर्टिस्ट ऑफ द ईयर सम्मान उनकी वर्षों की तपस्या, संघर्ष और रचनात्मक साधना का प्रमाण है। अपने समर्पण और सृजनात्मक ऊर्जा के साथ इंदु मिश्रा मधुबनी कला की इस अमूल्य विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *