Advertisement

रामचरितमानस महायज्ञ में आज भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के करगली गेट दुर्गा मंडप परिसर में आयोजित 67वाँ श्रीश्री रामचरितमानस महायज्ञ के छठे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भक्तों ने अपनी श्रद्धा के अनुसार 11, 21, 51, 108, 151 और 201 बार यज्ञ मंडप की परिक्रमा की।

इस अवसर पर यज्ञाचार्य ने बताया कि इस विशेष यज्ञ में 108 परिक्रमा का विधान है। इसमें 106 बार यज्ञ के पश्चिम द्वार पर चढ़ावा रखा जाता है, जबकि अंतिम दो परिक्रमा में भगवान को वस्तु दिखाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है। उन्होंने विभिन्न चढ़ावों के विशेष लाभों के बारे में बताया। बताया कि माला से परिक्रमा करने पर भक्ति, तुलसी जल से मुक्ति और पुष्प से विद्या की प्राप्ति होती है।

फल चढ़ाने से जीवनसाथी और संतान प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है। कहा कि विभिन्न सूखे मेवों से विशेष लाभ मिलते हैं। अखरोट से मानसिक रोगों से मुक्ति, बादाम से नेत्र रोग में आराम, काजू से हृदय रोग में शांति, किसमिस से पेट के रोगों में राहत, पिस्ता से गुदा रोग में और अंजीर से पथरी में लाभ मिलता है। इसके अलावा लौंग चढ़ाने से वात रोग, इलायची से दुर्बलता दूर होती है और दक्षिणा चढ़ाने से धन-संपत्ति में वृद्धि होती है।

यहां आयोजित रामायण पाठ से करगली गेट सहित आसपास का सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया। वहीं 7 मार्च को भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। मध्य प्रदेश उज्जैन से आए आचार्य लोकेशानन्द जी शास्त्री ने कहा कि भगवान शंकर ने भी राम को ईस्ट माना है। जितना भी हो सके भगवान राम का जाप करें। भजन कर यज्ञ समिति के सुशील सिंह व मनोज सिंह ने बताया कि आगामी 8 मार्च को हवन के साथ यज्ञ संपन्न होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *