Advertisement

भगवान ब्रह्मा ने आज ही के दिन की थी सृष्टि की रचना-मोतीलाल प्रसाद

आज ही के दिन हुई चैत्र नवरात्रि की शुरुआत

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के कला संस्कृति विभाग के मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने 30 मार्च को कहा कि चैत्र नवरात्रि का दिन धार्मिक रूप से बहुत खास माना जाता है, क्योंकि इसी दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी। इसके अलावा वासंतिक चैत्र नवरात्रि की भी शुरुआत होती है। विक्रम संवत की स्थापना राजा विक्रमादित्य ने की थी और यह हिंदू पंचांग का आधार है। यह ईसाई कैलेंडर से 57 साल आगे चलता है। इसकी गणना चंद्रमा और सूर्य की गति के आधार पर होती है।

सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर में मही नदी किनारे स्थित संकट मोचन मंदिर में भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में वर्ष प्रतिपदा उत्सव 2082 के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री प्रसाद ने उपरोक्त बातें कही। यहां प्रतिपदा उत्सव बड़ी धूम-धाम से मनाया गया।

बिहार के कला संस्कृति मंत्री प्रसाद ने कहा कि विक्रम संवत का नया साल चैत्र महीने से शुरू होता है। इसका समापन चैत्र अमावस्या पर होता है। इसी पंचांग के अनुसार दीपावली, रक्षाबंधन, होली, नवरात्रि जैसे सभी प्रमुख हिंदू त्योहारों की तिथियां तय की जाती हैं। क्योंकि यह पंचांग सूर्य और चंद्रमा की चाल को ध्यान में रखकर बनाया गया है, इसलिए इसे बहुत सटीक माना जाता है।

धर्म जागरण समन्वय के क्षेत्र प्रमुख सूबेदार सिंह ने कहा कि प्राचीन काल से ही यह परंपरा है कि इसी माह से देश दुनिया में पुराने कामकाज को समेटकर नए कामकाज की रूपरेखा तय की जाती रही है, क्योंकि यह माह वसंत के आगम का माह। इस माह से ही प्रकृति फिर से नई होने लगती है। आज भी भारत में चैत्र माह में बही- खाते नए किए जाते हैं। दुनिया के अन्य देशों में भी इसी माह में यह कार्य होता रहा है। यानी कि मार्च माह में बदलाव होता है। कहा कि दुनिया भर के समाज, धर्म और देशों में अलग-अलग समय में नववर्ष मनाया जाता है। अधिकतर कैलेंडर में नववर्ष मार्च से अप्रैल के बीच आता है और दूसरे दिन की शुरुआत सूर्योदय से होती है।

प्रतिपदा उत्सव में शास्त्रीय नृत्य और कविता पाठ का कार्यक्रम

प्रतिपदा उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की गयी, जिसमें करनजीत सांवरिया ने प्रभु श्रीराम पर कविता पाठ किया। आयुषी कुमारी, अनिशा कुमारी, माही कुमारी, यश कुमार, अनुष्का कुमारी, अदिति कुमारी, मोना कुमारी आदि ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा युवा मोर्चा के डॉ आशुतोष कुमार ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, पूज्य साध्वी लक्ष्मी माता, संकट मोचन मंदिर समिति के अध्यक्ष बिनोद सिंह सम्राट, बिहार सांस्कृतिक विकास परिषद के सचिव कृष्ण कुमार मिश्र, अर्चना रॉय भट्ट, संजय कुमार सिंह, संत रविदास, राजेश कुमार हिन्दू, डॉ त्रिभुवन झा, यशवंत कुमार, दीपक कुमार, राजा कुमार, राहुल कुमार आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *