Advertisement

दो दोस्त की एक साथ उठी अर्थी, साथ जिए व् साथ मरे

प्रहरी संवाददाता/देवघर (झारखंड)। देवघर जिला से एक हैरान करनेवाली घटना ने दोस्ती की मिशाल कायम कर दिया है।

जानकारी के अनुसार देवघर जिला के हद में सारठ थाना क्षेत्र के मोदीबांध गांव में दो दोस्तों की एक साथ मौत से मातम पसर गया। बताया जाता है कि एक दोस्त 82 वर्षीय केदार झा की झारखंड की राजधानी रांची में इलाज के क्रम में मौत की खबर जैसे ही परिजनों ने उनके दोस्त 80 वर्षीय नीलकंठ झा उर्फ लीलू झा को दी, वे एक पल के लिए सोचने की मुद्रा में दिखते की बेहोश होकर गिर पड़े।

आनन-फानन में परिजन उन्हें सारठ सीएचसी ले गये, जहां चिकित्सक ने लीलू झा को मृत घोषित कर दिया। उधर, केदार झा की अर्थी उठाने की तैयारी चल रही थी, इस दौरान उनके दोस्त लीलू झा के निधन की खबर आते ही सभी अचंभित हो गये। दूसरे ही पल दूसरे अर्थी की तैयारी की गयी और ग्रामीणों ने दोनों के अर्थी को कंधा देकर अजय नदी स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया।

ज्ञात हो कि, आठ दशक से दोनों की दोस्ती गांव में अनोखी मिसाल थी। दोनों दोस्त ने एक साथ हाई स्कूल की पढ़ाई की। हर रोज शाम को सारठ चौक पर साथ-साथ अखबार पढ़ते थे। हर सुख -दुःख में एक दूसरे के साथ अनवरत जुड़े रहे और नियति यह कि एक के निधन की खबर सुनकर तीन घंटे के बाद दूसरे दोस्त ने भी दम तोड़ दिया। सारठ के अजय नदी घाट पर दोनों का आमने-सामने अंतिम संस्कार भी किया गया। क्षेत्र में दोनों दोस्तों के अटूट दोस्ती की चर्चा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *