रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत स्थित कुरको आंगनवाड़ी केंद्र में सहयोगिनी संस्था द्वारा बीते 10 अक्टूबर को जीवन कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को जागरूक करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सशक्त करना है।
कार्यक्रम के दौरान, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ाव, वंचित वर्ग की किशोरियों एवं महिलाओं के बीच जेंडर जागरूकता तथा हिंसा की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के कोऑर्डिनेटर प्रकाश कुमार महतो ने 12 अक्टूबर को बताया कि संस्था वर्तमान में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर, बगदा, खैराचातर और टांगटोना पंचायतों के 19 गांवों में किशोरी एवं युवा महिला समूह बनाकर उनकी नेतृत्व क्षमता के विकास पर कार्य कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि इन समूहों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि स्कूलों में सुरक्षित और जागरूक वातावरण बनाना हमारे भविष्य की नींव है। हर बच्चे को गरिमा के साथ जीवन जीने एवं आगे बढ़ने का अधिकार है।
सहयोगिनी की एनिमेटर विनीता देवी ने बताया कि दुर्गापुर पंचायत में किशोरी एवं युवा महिला समूहों के साथ मिलकर जीवन कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। रिसोर्स पर्सन प्रेम कुमार महतो ने किशोरावस्था में शारीरिक एवं मानसिक शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस उम्र में सही मार्ग दर्शन से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने बाल विवाह के गंभीर दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा बाधित होती है।
उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। कम उम्र में लड़कियां गर्भावस्था तथा प्रसव संबंधी जटिलताओं का शिकार बनती हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और किशोरियों को जीवन के प्रति सजग, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाना है। इस मौके पर किशोरी क्लब की लाडली प्रवीण, आभा महतो, नेहा कुमारी, रोजी प्रवीण, सुधा कुमारी समेत कई अन्य मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply