Advertisement

आगामी 30 दिसंबर को होगा सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय छपरा के स्वामी विवेकानंद सभागार में 25 सितंबर को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची की तैयारी के संबंध में बैठक की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त सारण प्रमंडल छपरा-सह- निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी राजीव रौशन ने की।

भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार, पटना से प्राप्त निर्देश के आलोक में आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त रौशन ने बताया कि बिहार राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के वैसे शिक्षक जो अर्हता तिथि एक नवंबर से ठीक पहले छः वर्ष के भीतर कम से कम तीन वर्ष के लिए नियमित आधार या तदर्थ आधार पर सम्पूर्णकालिक शिक्षक के रूप में शिक्षण का कार्य किया हो और वह संस्थान माध्यमिक विद्यालय से कम न हो तथा वे सामान्य तौर पर इस निर्वाचन क्षेत्र में निवास करते हों, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचक बनने के लिए पात्र होंगे।

बैठक मे उप निर्वाचन पदाधिकारी/अवर निर्वाचन पदाधिकारी/जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, गोपालगंज, सिवान एवं सारण तथा क्षेत्रीय उप निदेशक शिक्षा सारण प्रमंडल, छपरा एवं तिरहुत प्रमंडल मुजफ्फरपुर, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं आयुक्त के सचिव सारण प्रमंडल, छपरा मौजूद थे।

प्रमंडलीय आयुक्त ने बताया कि वैसे सभी पात्र शिक्षक निर्वाचक सूची में नाम जोड़े जाने के लिए प्रारूप-19 में आवेदन पत्र संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/ नाम निर्दिष्ट पदाधिकारी के कार्यालय में आगामी 6 नवंबर तक किसी भी कार्यालय कार्य दिवस में अपना आवेदन स्वयं अथवा संस्थान प्रमुख के माध्यम से जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरांत 10 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियों की प्राप्ति की जाएगी।

प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन के उपरांत 30 दिसंबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में उपर्युक्त सभी कार्रवाई ससमय सम्पन्न की जाय।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *