Advertisement

वैशाली के शहीद जवान कुंदन कुमार को दी गई अंतिम विदाई

प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में राजापाकर थाना क्षेत्र के गौसपुर बरियारपुर रहिवासी अरुणाचल मणिगगाँव मेछुआ चीन बॉर्डर पर पदस्थापित 9 ग्रेनेडियर्स मेवाड़ सेना के जवान कुंदन कुमार बीते 18 अगस्त को ऑपरेशन स्नो लियोपार्ड के दौरान हाई एटीट्यूड की वजह से तापमान काफी कम माइनस डिग्री में रहने के कारण शहीद हो गए।

शहीद जवान का पार्थिव शरीर 20 अगस्त को दानापुर सैनिक छावनी से भारतीय सेना के जवानों द्वारा उनके गांव गौसपुर बरियारपुर लाया गया। शहीद जवान का शव उनके गांव पहुंचते ही आसपास के रहिवासी उनके घर पर पहुंच गए और शहीद जवान के माता-पिता और उनकी पत्नी के करुण क्रन्दन से सभी की आंखें नम हो गई।

विदित हो कि शहीद जवान कुंदन कुमार की शादी 5 वर्ष पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। शहीद जवान का पार्थिव शरीर सेना की गाड़ी से उनके पैतृक गांव से हाजीपुर के कोनहारा घाट अंतिम संस्कार के लिए लाया गया। शहीद जवान की शव यात्रा में सैकड़ो की संख्या में मोटरसाइकिल व् पैदल शव यात्री चल रहे थे और भारत माता की जय, वीर जवान अमर रहेगा का नारा लगा रहे थे। कौनहारा घाट पर शहीद जवान का पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद वहां वैशाली जिले के सभी पदाधिकारी जिला अधिकारी वर्षा सिंह के साथ मौजूद थे। कौनहारा घाट पर शहीद जवान का अंतिम दर्शन करने के लिए जिले के तमाम सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। सभी ने शहीद जवान के शव पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इससे पुर्व वैशाली जिला पूर्व सैनिक संघ के राजापाकर प्रखंड इकाई के अध्यक्ष बालमुकुंद शर्मा के नेतृत्व में उनके पैतृक निवास पर दर्जनों पूर्व सैनिक उनके पार्थिव शरीर पर तिरंगा और पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। साथ ही वैशाली जिला पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनरेश सिंह के नेतृत्व में कोनहारा घाट हाजीपुर में मातृभूमि के वीर सपूत की आत्मा की शांति के लिए जिला के सैकड़ों पूर्व सैनिक दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की और पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर भारतीय सेना व जिला प्रशासन के जवानों द्वारा राजकीय सम्मान के साथ शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई। शहीद के पिता नंदकिशोर सिंह ने अपने पुत्र का अंतिम संस्कार किया। शहीद जवान के नन्हे पुत्र ने अपने पिता को सलामी देते हुए प्रणाम किया तथा मुखअग्नि दी। अंतिम संस्कार के समय पूरा श्मशान घाट भारत माता की जय और वीर जवान चंदन कुमार अमर रहे के नारों से गूंजने लगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *