Advertisement

सुरजुडीह में निजी जमीन पर सड़क निर्माण का जमीन मालिक द्वारा विरोध

एसडीओ, सीओ व थाना प्रभारी से की जमीन मापी कर सीमांकन का किया निवेदन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार अंचल के सुरजुडीह में निजी जमीन पर हो रहे सड़क निर्माण को जमीन मालिक ने विरोध जताया है। जमीन मालिक कुर्बान अंसारी ने निर्माण का विरोध करते हुए बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, कसमार सीओ प्रवीण कुमार को आवेदन देते हुए जमीन की मापी कर उसकी सीमांकन की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी भजनलाल महतो को आवेदन देकर उन्होंने सड़क बनवाने में सहयोग देने वाले के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण का विरोध करने वाले सुरजुडीह रहिवासी कुर्बान अंसारी का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत आरईओ सड़क निर्माण का कार्य सुरजुडीह में मां दुर्गा कंस्ट्रक्शंस जैनामोड़ के संवेदक अजय सिंह द्वारा किया जा रहा है। जिसमें बगीचा के पास वाली सड़क उनकी निजी जमीन की है। जिसका खाता नंबर 43 तथा प्लॉट नंबर 19 एवं 20 है। जिसका रकवा लगभग 2.50 एकड़ है। कुर्बान का कहना है कि सड़क को अपनी ही जमीन पर बनने देने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, परंतु इसके पूर्व मापी कर जमीन का सीमांकन किया जाना जरूरी है, ताकि उनके जमीन की उपयोगिता बनी रहे।

बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ ने कहा कि पहले सीओ कसमार का रिपोर्ट आ जाए फिर मामले को देखा जाएगा। इसमें दोनों पक्षों को देखना जरूरी होता है। सीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि अगर जमीन निजी है तो उसपर सड़क निर्माण का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। दूसरी बात अगर जमीन विवादित है तो उसका मापी कर सीमांकन नहीं किया जा सकता है। इसका एक ही उपाय है, आपस में सहमति बना लें कि रोड किधर से पास करेगा। थाना प्रभारी भजनलाल महतो का कहना है कि जमीन किसका है, वह सीओ के क्षेत्राधिकार में है। उसमें हमारा कोई विशेष भूमिका नही बनता है। हमारा काम है झगड़ा को रोकना, हमने झगड़ा होने नहीं दिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *