Advertisement

महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगायी गंगा-गंडक में श्रद्धा की डुबकी

श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र तीर्थ में महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को गंगा एवं गंडकी नदियों के संगम स्थल सहित काली घाट, पहलेजा धाम घाट सहित विभिन्न घाटों पर लाखो श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगायी।अनुमान के अनुसार सोनपुर के पहलेजा धाम व काली घाट पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान कर बाबा हरिहरनाथ समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया।

जानकारी के अनुसार बाबा हरिहरनाथ की जय जयकार के बीच काली घाट, नमामि गंगे भारत वंदना घाट, कष्ट हरिया घाट, पहलेजा धाम घाट एवं सबलपुर के संगम घाटों पर स्नानार्थियों की सुबह से दोपहर बाद तक स्नान करती भीड़ देखी गई। महापर्व के उक्त अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त तीन बजे से हरिहरनाथ मन्दिर में दर्शन और अर्घ्य पात्र (अरघे) के माध्यम से भगवान हरिहरनाथ का जलाभिषेक शुरू किया गया। उससे पूर्व सवा दो बजे रात्रि में बाबा हरिहरनाथ का दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक, महाभिषेक किया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ आई थी। मौके पर जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो, इसके लिए जगह – जगह पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।

सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक के लिए स्त्री और पुरुष भक्तों के लिए अलग – अलग कतारें दिखीं, जो लोकसेवा आश्रम के पूर्वी द्वार तक लगी थी। यहां के काली मंदिर, धनुष कुटी आश्रम, खाक चौक ठाकुरबाड़ी, आप रुपी गौरी-शंकर मंदिर में भी भक्त गण जलाभिषेक और पूजा -अर्चना करते देखे गए। पहलेजा धाम में गंगा माता मंदिर में भी भारी भीड़ देखा गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *