प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर छह थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय रहिवासियों ने सेक्टर-6 थाना का घेराव कर जमकर हंगामा किया और आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार बीते एक जनवरी की शाम लगभग 7:30 बजे सेक्टर-6 शिव मंदिर के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 53 वर्षीय ठेका मजदूर बलराम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीसीआर वाहन से उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच 2 जनवरी को परिजनों द्वारा सेक्टर-6 थाना में हिट एंड रन का लिखित आवेदन दिया गया था। बाद में स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया, जहां 4 जनवरी की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक का भतीजा पवन कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी की पहचान हो जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय रहिवासि से जानकारी मिलने पर पता चला कि हादसा ब्लैक रंग की स्कूटी से हुआ था। जानकारी थाना को देने के बाद भी कार्रवाई में देरी से परिजन आक्रोशित हो गए और मजबूरन थाना का घेराव करना पड़ा।
मृतक की बहन गायत्री कुमारी ने बताया कि नए साल के दिन भाई से संपर्क नहीं हो पाने पर अनहोनी की आशंका हुई। बाद में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा फोन उठाने पर हादसे की जानकारी मिली।
इधर, सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने परिजनों के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया था, हालांकि वाहन और चालक की पहचान कर ली गई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()













Leave a Reply