सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा क्षेत्र के सभी प्रमुख श्रमिक संगठनों की एक सामूहिक बैठक 29 अगस्त को गुवा वर्कर्समैन क्लब में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नेतागण उपस्थित रहे।
आयोजित बैठक में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड, कार्यकारिणी अध्यक्ष प्रदीप सुरीन, सिकंदर पान, संजय सांडिल, झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार, उपाध्यक्ष प्रकाश राउत, हिन्द मजदूर सभा (क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ) के सचिव राकेश सुंडी, अध्यक्ष लक्ष्मी पात्रों, इंटक गुवा से सचिव रमेश गोप, मलय पाणिग्रही, सप्लाई मजदूर संघ से बिद्याकान्त झा, गंगाराम ठठेरा, सारंडा मजदूर यूनियन से निर्मलजीत सिंह, गुवा चिरिया खान श्रमिक संघ (बीएमएस) से गणेश दास, समीर पाठक उपस्थित हुए।
बैठक में मुख्य रूप से सेल प्रबंधन द्वारा लाए जा रहें बायोमेट्रिक हाजरी का विरोध किया गया। साथ ही बैठक में यह आरोप लगाया गया कि गुवा प्रबंधन मजदूरों को बायोमेट्रिक अटेंडेंस के नाम पर गुमराह कर रही है।
इस दौरान वरिष्ठ श्रमिक नेता अंतर्यामी महाकुड ने स्पष्ट किया कि यह विषय न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसी स्थिति में प्रबंधन द्वारा मजदूरों को बार-बार उकसाना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन पर होगी। उन्होंने नारा दिया कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस या उत्पादन। सभी संगठनों ने एक स्वर में बायोमेट्रिक अटेंडेंस का विरोध किया। हेमराज सोनार ने कहा कि गुवा के सभी यूनियन इस मामले में एकजुट और एकमत हैं तथा किसी भी प्रकार की दलाली स्वीकार्य नहीं होगी। गणेश दास ने कहा कि मजदूर अब भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन मजदूर विरोधी रवैया अपनाए हुए है।
बैठक में सामूहिक निर्णय लिया गया कि यदि सेल प्रबंधन ने गुवा खदान में जबरन बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू करने की कोशिश की तो सभी यूनियन संयुक्त रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। रमेश गोप ने कहा कि प्रबंधन बार-बार भ्रमित करने वाले सर्कुलर जारी कर मजदूरों में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है। ऐसी स्थिति में मजदूर आर-पार की ऐतिहासिक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। बैठक के अंत में सभी यूनियनों ने एक स्वर में मजदूर एकता ज़िन्दाबाद का नारा लगाया गया।
![]()













Leave a Reply