मांग पत्र में दिया गया गुवा खदान के विकास व रोजगार पर जोर
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा अयस्क खान के मजदूरों एवं स्थानीय बेरोजगारों की समस्याओं को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री को एक मांग पत्र भेजा है। पत्र की एक प्रति कार्यपालक निदेशक (खान), प्रभारी झारखंड खान समूह बोकारो को सौंपी गई है।
पत्र में यूनियन अध्यक्ष ने उल्लेख किया है कि गुवा अयस्क खान में कार्यरत मजदूरों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं में इस्पात सचिव के आगमन से एक नई उम्मीद जगी है कि उनके हस्तक्षेप से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव होगा। मांग पत्र में कुल 12 प्रमुख बिंदु शामिल किए गए हैं। इनमें स्थानीय स्तर पर 1000 शिक्षित युवाओं की बहाली करने, खदान में कार्यरत कामगारों के 39 माह का बकाया एरियर भुगतान करने, मजदूर आवासों का निर्माण करने, गुवा में कॉलेज की स्थापना करने, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करने तथा गुवा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आईसीयू कक्ष की व्यवस्था जैसी मांगे प्रमुख हैं।
इसके अलावा मांग पत्र में क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति, गुवा टाउनशिप का सौंदर्यीकरण, सौर ऊर्जा से संचालित टावर लाइट लगाने और नोवामुंडी कॉलेज के छात्रों के लिए बस सेवा जैसी स्थानीय सुविधाओं के विकास की भी मांग की गई है। यूनियन अध्यक्ष सह मजदूर नेता रामा पांडेय ने 9 अक्टूबर को एक भेंट में कहा कि गुवा खदान के मेहनतकश मजदूर विपरीत परिस्थितियों में भी सेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। यदि सरकार शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार की दिशा में कदम उठाती है, तो गुवा अयस्क खान आसानी से 10 मिलियन टन उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सकती है। उन्होंने इस्पात मंत्री से उपरोक्त मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
![]()













Leave a Reply