Advertisement

हत्या के 22 दिन बाद भी हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं

परिजन 16 मार्च को करेंगे ताजपुर थाना पर सत्याग्रह आंदोलन

प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। बीते माह 19 फरवरी को सुनील कुमार की हत्या के 22 दिन बाद भी हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। मायूस परिजन आगामी 16 मार्च को ताजपुर थाना पर सत्याग्रह आंदोलन करेंगे।

मामला समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर थाना क्षेत्र के रामापुर महेशपुर पंचायत के चकमधौल वार्ड-13 का है, जहां लड्डू लाल सिंह के 24 वर्षीय फाइनेंस कर्मी पुत्र सुनील कुमार की गला दबाकर बीते माह 19 फरवरी की रात्री अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी थी। बगल के बांसबाड़ी से संदिग्ध अवस्था में मृतक का शव बरामद किया गया था।

इसे लेकर ताजपुर थाना में कांड क्रमांक-84/24 भादवि की धारा 302, 201 तथा 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मृतक के पिता लड्डू लाल सिंह, पत्नी एवं पुत्र ने 12 मार्च को बताया कि ताजपुर के थानाध्यक्ष शनि कुमार मौसम ने 5 दिनों के अंदर मामले का उद्भेदन कर हत्यारे की गिरफ्तारी का समय मांगा था, लेकिन हत्या के 22 दिन बीत गया।

मामले में अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है। बताया कि वे कई बार थानाध्यक्ष से मिले। भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में भी थानाध्यक्ष से मिलकर हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

हमलोग न्याय पाने को ग्रामीणों के साथ 16 मार्च को ताजपुर थाना पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन शुरू करेंगे। मृतक के पिता ने सभी राजनीतिक, सामाजिक दलों एवं संगठनों से न्याय के लिए जारी आंदोलन में भाग लेकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *