एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची के एक निजी विद्यालय में पढ़नेवाली छात्रा का 30 जुलाई को अपहरण कर अन्यत्र ले जाया जा रहा था। पुलिस की बढ़ते दबीश से घबड़ाकर अपहरणकर्ता वाहन सहित छात्रा को रामगढ़ के कुजू में छोड़कर फरार हो गये। पुलिस अपहरणकर्ताओं की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार छात्रा के अपहरण की सूचना के बाद हरकत में आयी रांची पुलिस द्वारा किए गए ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद अपहरणकर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गए। अपहरणकर्ता ने बच्ची को रामगढ़ जिला के हद में कुजू के समीप छोड़कर फरार हो गये। पुलिस के अनुसार रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के सिरमटोली फ्लाईओवर के समीप से 30 जुलाई की सुबह स्कूली छात्रा का अपहरण कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि सुबह जब छात्रा बिशप वेस्टकॉट स्कूल पढ़ाई करने जा रही थी, तभी अपहरणकर्ता उसका अपहरण कर हुंडई कार क्रमांक JH01FU/6874 में उसे जबरन बैठाकर वहां से भाग निकले। इसकी सूचना स्थानीय रहिवासियों ने पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने त्वरित पुलिस टीम का गठन करते हुए छापेमारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी के साथ अपराधियों का पीछा कर रही थी।
इस दौरान पुलिस की दबिश से परेशान अपराधी छात्रा को रामगढ़ के कुजू के समीप छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने अपहृत छात्रा सहित कांड में शामिल काले रंग की हुंडई कार क्रमांक-JH01FU/6874 को बरामद कर लिया है। पुलिस की दबीश के कारण अपहरणकर्ता अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके।
![]()













Leave a Reply