एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो की छात्रा एन एस एस वॉलंटियर जागृति कुमारी का चयन नागालैंड में आयोजित नौवें पूर्वोत्तर युवा महोत्सव-2026 के लिए किया गया है।
जानकारी के अनुसार के. बी. कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की महिला वॉलंटियर् का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया गया है। नौवें पूर्वोत्तर युवा महोत्सव का आयोजन आगामी 17 मार्च से 22 मार्च तक नागालैंड की राजधानी दीमापुर (कोहिमा) में किया जाना है।
जानकारी देते हुए 11 मार्च को केबी कॉलेज एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार ने बताया कि महोत्सव में भाग लेने के लिए विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद से दो वॉलंटियर्स का चयन किया गया है, जिसमें के बी कॉलेज बेरमो की जागृति कुमारी एवं गुरु नानक कॉलेज धनबाद से शिवम कुमार रॉय शामिल हैं। कहा कि महोत्सव में बिहार राज्य के दो विश्वविद्यालय मुंगेर यूनिवर्सिटी एवं बी एन मंडल यूनिवर्सिटी मधेपुरा एवं झारखंड राज्य के दो यूनिवर्सिटी विनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी धनबाद एवं विनोबा भावे यूनिवर्सिटी हजारीबाग से एक एक वॉलंटियर का चयन किया गया है। चार यूनिवर्सिटी से एक छात्र, एक छात्रा का चयन किया गया है। बिहार झारखंड राज्य का टीम मैनेजर का दायित्व मुंगेर यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम पदाधिकारी को दिया गया है।
ज्ञात हो कि महोत्सव में भाग लेने के ली जागृति का चयन होने से के. बी. कॉलेज में हर्ष का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण, प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ अरुण कुमार रॉय महतो, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार ने खुशी व्यक्त किया है। प्राचार्य ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट राज्य में जाकर जागृति अपने विनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी एवं झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
![]()













Leave a Reply