अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर के सत्संग सभागार में श्रीराधा-कृष्ण मंदिर के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के दूसरे दिन 20 अगस्त को वृन्दावन धाम के कथा वाचक भागवत रत्न आचार्य सुमन्त कृष्ण शास्त्री (कन्हैया जी) महाराज ने कथा श्रवण की।
कन्हैयाजी महाराज ने कहा कि कलि काल में भागवत पुराण ही भगवान की प्राप्ति का सबसे सुंदर और सरल साधन है। कहा कि श्रीमदभागवत मनोरंजन का विषय नहीं,आत्मरंजन का विषय है। उन्होंने कहा कि सत्य से बड़ा कोई धर्म नहीं और असत्य से बड़ा कोई अधर्म नहीं। सभी से परस्पर सद्भाव रखना भी प्रेम है। सत्य का ही दूसरा नाम प्रेम है।
महाराज ने कहा कि भगवान की भक्ति सनातनियों में ऊर्जा का संचार करती है। भागवत कथा के प्रसंग में भागवत की उत्पत्ति, शुकदेवजी और राजा परीक्षित के जन्म की कथा, कुंती स्तुति, भीष्म स्तुति का उन्होंने सुंदर वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हरिहरक्षेत्र में भगवान नारायण ने भक्ति और मुक्ति दोनों ही खूब लुटायी। यह भक्ति और मुक्ति प्राप्ति का पावन स्थान हैं। यहां का गंगा तट, नारायणी तट, भगवान हरि और बाबा हर, हरिहर नाथ भगवान का समन्वय विग्रह स्थापित है। यह स्थान भी प्रयागराज से कम नहीं है।धन्य है सोनपुर वासी जिन्हें ऐसी पुण्य भूमि का परम सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सोनपुर में आयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में 20 अगस्त की शाम बिहार सरकार के मंत्री कृष्ण कुमार सिंह मंटू शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा हरिहरनाथ का दर्शन और प्रवचन स्थल पर कथा वाचक भागवत रत्न आचार्य सुमन्त कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद ग्रहण किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश कुमार सिंह, राधा कृष्ण मंदिर के मुख्य पुजारी सतीश चंद्र द्विवेदी, हरिहरनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी सुशील चंद्र शास्त्री, लालबाबू पटेल, मानवेन्द्र कुमार सिंह, बमबम बाबा, रानी सिंह, सीमा देवी, शिवानी कुमारी, राजीव कुमार मुनमुन, मुकेश कुमार सिंह बबलू सहित अनेक श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply