अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व विख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर के प्रसिद्ध श्रीगजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम् दिव्य देश नौलखा मन्दिर में 27वां श्रीब्रह्मोत्सव सह श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ के निमित्त बाजे -गाजे के साथ कलश यात्रा सह जल यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों भक्त शामिल हुए।
हरिहरक्षेत्र गजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम दिव्य देश पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश यात्रियों को रवाना किया। इस दौरान भक्तों ने कलश के साथ देवस्थानम की परिक्रमा की। भगवान श्रीगजेन्द्र मोक्ष के जय-जयकार से संपूर्ण हरिहरक्षेत्र की धरती गुंजायमान हो उठी। यात्रा गजेन्द्र मोक्ष मंदिर से श्रीदेवी, भू देवी, लक्ष्मी देवी, बालाजी वेंकटेश, आलवार संतों एवं श्रीगरुड़ देव की प्रदक्षिणा व उनके आशीर्वचन प्राप्त कर बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचा और उन्हें नमन करते हुए मीना बाजार रोड, ड्रोलिया सिंदूर चौक होते हुए छत्रपति रोड होकर सिद्ध नाथ चोक से श्रीगजेन्द्र मोक्ष घाट पहुंची जहां वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार से जल मातृका, थल मातृका, स्थल मातृका व षोडशोपचार से वरुण देव का पूजन संपन्न हुआ।
पूजनोपरांत देवी नारायणी एवं माता गंगा की आरती हुई। आरती के बाद कलश यात्रियों द्वारा विधिवत जल- हरण कार्य संपन्न हुआ। इसके बाद कलश यात्रियों ने पवित्र यज्ञ मंडप की परिक्रमा की और कलश को यज्ञ शाला में स्थापित किया।
इस मौके पर कलश यात्रा में यज्ञ के यजमान दिलीप झा, रतन कुमार कर्ण, सुधांशु सिंह, भोला सिंह, शंभूनाथ पंडित, नंद किशोर तिवारी, रमाकांत सिंह, फूल झा, नीलीमा कर्ण, प्रतिभा सिंह, लीलावती देवी, धनंजय सिंह, मुकेश कुमार सिंह, सोहन राय आदि शामिल हुए।
![]()













Leave a Reply