विश्व पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस पर जन सुराज पार्टी द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस पर 3 मई को सारण जिला के हद में सोनपुर में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नगर पंचायत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्व. विश्वनाथ सिंह के आवासीय परिसर में जन सुराज पार्टी द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

जन सुराज पार्टी की सोनपुर प्रखंड इकाई द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में सोनपुर प्रखंड क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को फूल-माला, अंग- वस्त्र, डायरी, पेन और कैलेंडर से सम्मानित किया गया।

जिन पत्रकारों को सम्मानित किया गया उनमें वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र मानपुरी, विश्वनाथ सिंह, शंकर सिंह, ठाकुर संग्राम सिंह, नंद किशोर शर्मा, अभय कुमार सिंह, मनीष कुमार, संजीत कुमार, विपिन कुमार, एसपी सिंह, वैभव कुमार सिंह, प्रभात रंजन, विष्णु तिवारी, लाल बाबू पटेल, हर्ष कुमार, साक्षी कुमारी, छायाकार दामोदर सहित कई अन्य पत्रकार शामिल हैं। सम्मान समारोह का संचालन युवा समाजसेवी ई प्रभात रंजन कर रहे थे।

देश की मजबूती के लिए जरुरी है पत्रकारों की स्वतंत्रता-जन सुराज

इस अवसर पर जनसुराज पार्टी के नेताओं ने पत्रकारों की स्वतंत्रता के लिए आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि पत्रकार स्वतंत्र होंगे तो लोकतंत्र मजबूत होगा। साथ ही, जन समस्याओं का निराकरण हो सकेगा। जनसुराज के सारण जिलाध्यक्ष बच्चा राय ने समाज के बदलाव में प्रिंट मीडिया एवं पत्रकारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनमें समाज को बदलने की क्षमता है।

वे स्वतंत्र रहेंगे तो समाज को सही दिशा में ले जायेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों का भी कर्तव्य है कि वे पत्रकारों को मान – सम्मान दें। उनके कार्यों में हस्तक्षेप न करें। कहा कि पत्रकार सबके हितैषी होते हैं। राज्य और देश में कोई सत्ता में आए या जाए, लेकिन पत्रकार सदैव सच दिखलाने का कार्य करते हैं। जो देश व समाज क़े हित में होते हैं। तभी तो आम जन को पत्रकारों पर भरोसा है।

अनुमंडल अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह भोला ने कहा कि समाज में जन सुराज एक विकल्प देने का प्रयास कर रहा है। उसका श्लोगन सही लोग, सही सोच, सामूहिक प्रयास चल रहा है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का मानना है कि प्रिंट मीडिया के पत्रकारों को पेंशन मिलना चाहिए। अगर सरकार बनी तो जन सुराज ऐसा प्रयास करेगा।

जन सुराज के प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्याम बाबू राय ने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक और निष्पक्ष होना जरुरी है। इसके लिए उनकी स्वतंत्रता जरुरी है। जन सुराज पार्टी बिहार में सत्ता में आने के बाद पत्रकारों को जो समस्याएं हो रही है उन सभी समस्याओं का निदान किया जायेगा। क्योंकि देश के चौथे स्तंभ होने के नाते उन्हें सुविधा और सुरक्षा प्रदान करना देशवासियों का परम कर्तव्य है।

अनुमंडल उपाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि नमामि गंगे के माध्यम से घाटों का निर्माण हुआ वह ठीक है।हरिहरनाथ कॉरिडोर से सोनपुर क्षेत्र का भी विकास होगा वह भी ठीक है पर रोजगार के लिए, बेरोजगारी दूर करने के लिए, गरीबी दूर करने के लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है। केवल कागजी खानापूर्ति हो रही है।

मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र मानपुरी ने कहा कि मीडिया का आज क्षेत्र व्यापक हो चुका है। चाहे वह प्रिंट हो या इलेक्ट्रॉनिक या सोशल मीडिया। सभी मीडिया ही हैं। सभी का कार्य करने का तरीका अलग – अलग है। पत्रकार विश्वनाथ सिंह ने कहा कि विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस को दिसंबर 1993 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित किया गया था। तब से प्रत्येक वर्ष 3 मई को विश्व स्तर पर प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में अनुमंडल महासचिव सरोज गुप्ता, राज्य परिषद सदस्य पारस गुप्ता, अमोद गोप, राज किशोर राम, नवल राय, नागेंद्र राय, मनुलाल भगत, अखिलेश कुमार, राजन प्रताप सिंह, मैमुन निशा सहित जन सुराज क़े अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

 55 total views,  3 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *