Advertisement

गोमिया के वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर कुमार का निधन, शोक में पत्रकारिता जगत

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया के वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर कुमार का निधन हो गया। दिवंगत झारखंड से प्रकाशित एक दैनिक अखबार के ललपनिया प्रतिनिधि थे। उनके निधन से क्षेत्र के पत्रकारों में शोक व्याप्त है।

दिवंगत पत्रकार नागेश्वर कुमार के निधन पर झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्द निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे समाज और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि नागेश्वरजी केवल एक पत्रकार नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की आवाज थे, जिन्होंने अपनी निर्भीक और सशक्त लेखनी से हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित झुमरा क्षेत्र सहित दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को मुख्यधारा तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने अपने जीवन का हर क्षण पत्रकारिता के प्रति समर्पित किया और सुबह से देर रात तक खबरों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता क्षेत्र के लिए एक मिसाल बनी रही। उन्होंने कहा कि नागेश्वर कुमार ने न केवल जनसमस्याओं को उजागर किया, बल्कि विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने में भी सशक्त सेतु का कार्य किया। उनकी लेखनी में समाज के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और निष्पक्षता स्पष्ट झलकती थी। यही कारण है कि उन्हें समय-समय पर विभिन्न मंचों पर सम्मानित भी किया गया।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और कहा कि इस दु:ख की घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। गोमिया के पुर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो सहित गिरिडीह के पुर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह, बोकारो के पुर्व विधायक बिरंची नारायण आदि ने भी दिवंगत पत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *