Advertisement

हूल दिवस पर भोगनाडीह की घटना को ले झामुमो ने भाजपा पर साधा निशाना

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बीते दिनों हूल दिवस के अवसर पर भोगनाडीह में हुई घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 3 जुलाई को सर्किट हाउस बोकारो में प्रेस वार्ता कर भाजपा पर गहरी साजिश रचने का आरोप लगाया। इस अवसर पर जेएमएम कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के समीप भाजपा का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रेस वार्ता में जेएमएम बोकारो जिलाध्यक्ष रतन लाल मांझी और महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने संयुक्त रूप से मीडिया को बताया कि भोगनाडीह की घटना भाजपा की सुनियोजित साजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संथाल परगना को अस्थिर कर भोले भाले आदिवासियों को आपस में लड़ाने की कोशिश कर रही है, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

नेताओं ने कहा कि जेएमएम के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे राज्य में भाजपा के खिलाफ पुतला दहन अभियान चलाया गया है। भोगनाडीह की घटना के संदर्भ में उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के भाजपा से जुड़े होने के प्रमाण मिल रहे हैं। यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित होते, तो बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरुजी शिबू सोरेन की तबीयत खराब होने के कारण सीएम हेमंत उनके देखभाल में हैं, और उनकी जगह मंत्री को भेजा गया था, किंतु वहां भाजपा की पूर्व नियोजित साजिश पहले से सक्रिय थी। मौके पर जेएमएम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बोकारो उपायुक्त कार्यालय के समीप भाजपा के पुतले का दहन कर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और चेतावनी दी कि आदिवासियों की एकता को तोड़ने की किसी भी कोशिश का करारा जवाब दिया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *