Advertisement

मई दिवस पर मजदूरों के हक, अधिकार की लड़ाई लड़ने की शुरूआत-जितेंद्र

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। एक मई को पुरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया जा रहा है। सन् 1886 के शिकागो आंदोलन के बाद से हर वर्ष मजदूर दिवस मनाया जाता है, ताकि मजदूर के बलिदान को याद किया जाय।

एटक से संबद्ध यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन द्वारा एक मई को बोकारो जिला के हद में फुसरो चंद्रपुरा मार्ग पर कल्याणी स्थित यूनियन के क्षेत्रीय कार्यालय में मजदूर दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यूकोवयू ढ़ोरी क्षेत्र के अध्यक्ष जितेंद्र दूबे द्वारा यूनियन का झंडोत्तोलन कर किया गया। इसके बाद बारी-बारी से सभी ने शहीद बेदी पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर गीत गाया।

कार्यक्रम के दौरान जम्मू एवं कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। अध्यक्षता एरिया सचिव भीम महतो ने की। इस अवसर पर एरिया अध्यक्ष जितेंद्र दूबे ने कहा कि यह दिन मजदूरों के योगदान को सम्मान देने का दिन है, क्योंकि वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज हर कोलियरी क्षेत्र में मजदूरों के साथ शोषण हो रहा है।

ढोरी में प्रबंधन की मिलीभगत से मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। मजदूरों का आवाज दबा दिया जाता है। उनका आवाज उठाने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि लगभग सभी औद्योगिक क्षेत्र में आउटसोर्सिंग चल रहा है। स्थानीय रहिवासी अपनी हक की लड़ाई लड़ते हैं तो लठैत द्वारा मारा पीटा जाता है। उन्होंने बताया कि मजदूर के बिना उद्योग असंभव है।

बावजूद इसके मजदूरों के साथ अन्याय व अत्याचार किया जाता है। उद्योग से मजदूरों का परिवार चलता है, इसलिए मजदूर प्रबंधन के खिलाफ कुछ नहीं बोलते हैं, लेकिन यदि जब अन्याय हद से ज्यादा हो जाये, तो वे आंदोलन का रास्ता भी चुनते हैं। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि मजदूरों के हक व अधिकार की लड़ाई लड़ने की बिगुल आज से फूंका जायेगा। मौके पर जवाहरलाल यादव, नंद किशोर, रामनारायण महतो, रामचंद्र मांझी, ओम प्रकाश, बिहारी महतो, गणेश महतो, कौशल कुमार, रामाधार, राजेंद्र रविदास, संदीप गिरि आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *