प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। पूर्व विधायक गोमिया बबीता देवी की उपस्थिति में 23 सितंबर को बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा गोमिया विधानसभा क्षेत्र के प्रधान कार्यालय में महान झारखंड आंदोलनकारी स्व. बिनोद बिहारी महतो की 102वीं जयंती मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस इस अवसर पर पुर्व विधायक सहित उपस्थित दर्जनों गणमान्य सहित झामुमो नेताओं ने स्व. बिनोद बिहारी महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके द्वारा किए गये कीर्ति को याद किया। इस अवसर पर पुर्व विधायक ने कहा कि स्व. बिनोद बाबू ने झारखंड आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य किया और झारखंड राज्य के निर्माण में उनका महती योगदान आज अविस्मरणीय है। उनके विचार, संघर्ष और बलिदान सदैव हम सबके लिए मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। कहा कि बिनोद बाबू समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की थी। उन्होंने कमजोर, वंचित और शोषित समाज को शिक्षा एवं जागरूकता के माध्यम से संगठित कर संघर्ष की राह दिखाई।
पढ़ो और लड़ो जैसे उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष व आत्मनिर्भरता का संदेश देते रहेंगे। उनका जीवन आदर्श हमें यह सिखाता है कि समाज में अन्याय, असमानता और शोषण के खिलाफ हमेशा डटकर खड़ा होना चाहिए। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा महतो, झामुमो केंद्रीय कमिटी के मनोहर मुर्मू सहित अन्य दर्जनों कार्यकर्ता जयंती कार्यक्रम में शामिल थे।
![]()













Leave a Reply